महासमुन्द

महासमुंद की सभी समितियों में तेंदूपत्ता तोड़ाई शुरू
08-May-2023 4:05 PM
 महासमुंद की सभी समितियों  में तेंदूपत्ता तोड़ाई शुरू

संग्राहकों ने बंडलों के चट्टे लगाए, सूखते ही ढेरी बनाएंगे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 मई।
महासमुंद जिले की सभी 75 समितियों में  रविवार से तेंदूपत्ता तोड़ाई शुरू हो गई है। शनिवार की रात में ही इस बाबत् संदेश सभी समितियों तक पहुंचा दिया गया था। तत्पश्चात गांवों में मुनादी कराई गई और कल सुबह 6-7 बजे तक संग्राहक तेंदूपत्ता तोड़ाई, संग्रहण के लिए निकल पड़े। 

बदली, बारिश और अंधड़ के चलते तोड़ाई के काम को आगे बढ़ाया जा रहा था। इस बार जिले में 91300 मानक बोरा तेंदूपत्ता संग्रहण का लक्ष्य है। इससे करीब 74.19 करोड़ रुपए का राजस्व मिलने का अनुमान है।

महासमुंद को 10600 तथा सरायपाली वन परिक्षेत्र को 12100 मानक बोरा तेंदूपत्ता 15 संग्रहण का लक्ष्य मिला है। महासमुंद से लेकर सरायपाली तक आज सुबह भी तेंदूपत्ता तोड़ाई के लिए संग्राहकों की चहल-पहल थी। यह करीब माह भर तक बनी रहेगी। प्रथम चरण में कल से पड़त भूमि और खाली सरकारी भूमि के पौधे से तोड़ाई शुरू की गई। फिर 10-12 दिन बाद जंगल के पौधों से तोड़ाई शुरू की जाएगी।

भुरकोनी समिति के अंतर्गत जगदल्ला फड़ में संग्राहक महिलाएं तेंदूपत्ता  तोडक़र बंडल बनाती रहीं। 4-5 घंटे की तोड़ाई के बाद संग्राहकों ने बंडलों के चट्टे लगाए। चट्टे लगाने के बाद सभी 11-12 बजे दोपहर घरों के लौट आए। इन बंडलों को 3 दिन बाद पलटा जाएगा। संग्राहक बाद में 50-50 पत्तों का एक बंडल बनाकर सैकड़ों की संख्या में ढेरी तैयार करेंगे। ढेरी लगाकर इन्हें बोरों में भरा जाएगा। 
 


अन्य पोस्ट