महासमुन्द

नौजवानों को आर्मी के लिए ट्रेनिंग देने रिटायर्ड फौजी ने खोला फुलझर डिफेन्स एकेडमी
08-May-2023 4:03 PM
नौजवानों को आर्मी के लिए ट्रेनिंग देने रिटायर्ड फौजी ने खोला फुलझर डिफेन्स एकेडमी

आर्थिक तंगी से जूझ रहे काबिल नौजवानों को मुफ्त प्रशिक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 मई।
महासमुंद जिले के बिरकोल गांव में रहने वाले एक रिटायर्ड फ ौजी ने सेना के प्रति समर्पण और देश सेवा का जज्बा रिटायरमेंट के बाद भी जारी रखा हुआ है। धर्मेंद्र चौधरी अब नौजवानों को आर्मी के लिए ट्रेनिंग देने जा रहे हैं। इस तरह महासमुंद जिले में यह पहला एक ऐसा संस्थान है जहां सेना भर्ती के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिला मुख्यालय से लगभग 126 किमी दूर सरायपाली शहर के पुष्प वाटिका के सामने फुलझर डिफेन्स एकेडमी के नाम से यह प्रशिक्षण संस्थान खोला गया है।

रिटायर्ड फ ौजी धर्मेंद्र चौधरी कहते हैं- महासमुंद जिले के बहुत से बेरोजगार, पढ़े-लिखे युवा सैनिक बनना चाहते हैं। लेकिन सही मार्गदर्शन व जरूरी प्रशिक्षण न मिलने से अपने सपनों को साकार नहीं कर पा रहे हैं। ऐसे युवाओं को इंडियन नेवी, एयरफ ोर्स व अन्य सुरक्षाबलों में भर्ती के लिए शारीरिक व शैक्षणिक प्रशिक्षण देने के लिए फुलझर डिफेंस एकेडमी की स्थापना की जा रही है। 

धर्मेंद्र चौधरी आगे कहते हैं कि सेना से रिटायर होने के बाद भी पूर्व सैनिकों में देश सेवा का जज्बा बरकरार रहता है। इसी सोच के साथ फुलझर अंचल से अधिक से अधिक युवाओं को देश सेवा के लिए तैयार करना है। क्षेत्र के युवाओं को मार्गदर्शन देकर उनमें एक जुनून पैदा कर उन्हें शारीरिक रूप से सक्षम और अकादमिक रूप से सफल बनाने का लक्ष्य है। संस्था में बच्चों का रजिस्ट्रेशन कर उनकी शैक्षणिक व शारीरिक योग्यता का परीक्षण किया जाएगा। व्यायाम,पीटी,दौड़ व अन्य गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को सैन्यप्रशिक्षण के लिए दक्ष बनाया जाएगा। 

रिटायर्ड फ ौजी धर्मेद्र चौधरी ने बताया कि फुलझर डिफेन्स एकेडमी में प्रशिक्षण के लिए फीस तय किया गया है। बाहर से प्रशिक्षण के लिए आने वाले युवकों के लिए 30 बिस्तरीय आवास की व्यवस्था की गई है। स्थानीय युवाओं से प्रतिमाह 500 रुपए प्रशिक्षण के लिए लिया जाएगा। बाहर से आने वाले युवाओं से रहने और खाने की व्यवस्था के साथ 3500 रुपए प्रतिमाह प्रशिक्षण फ ीस के तौर पर लिया जाएगा। 

धर्मेंद्र चौधरी के मुताबिक युवाओं को आर्थिक तंगी से जूझना न पड़े इसलिए ऐसे काबिल युवा जिनमें सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करने का जज्बा हो, ऐसे गरीब युवाओं और सैनिक परिवार के युवाओं से प्रशिक्षण फीस 500 रुपए नहीं लिया जाएगा। इसके अलावा उन युवाओं को आर्थिक सहयोग फुलझर डिफेंस एकेडमी और पूर्व सैनिक परिषद फुलझर अंचल की ओर से की जाएगी। 


अन्य पोस्ट