महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 मई। छत्तीसगढ़ शासन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से पुन: जांच आदेश के बाद सीईओ जिला पंचायत महासमुंद ने महेश ओगरे सचिव के विरूद्ध जांच हेतु चार सदस्यीय दल गठन का आदेश किया है। आदेश में जांचकर्ता अधिकारियों को 15 दिवस के भीतर जांच करके प्रतिवेदन प्रस्तुत करने कहा गया है। इस जांच दल में एस.लकरा परियोजना अधिकारी, प्रदीप प्रधान सहा.परियोजना अधिकारी, गजेन्द्र सिदार वरिष्ठ लेखाधिकारी एवं रूपसिंग सिदार सहायक आंतरिक लेखा परीक्षणएवं करारोपण अधिकारी शामिल है।
जानकारी अनुसार महेश ओगरे तात्कालीक सचिव ग्राम पंचायत दुरूगपाली जनपद पंचायत बसना में पदस्थ थे। इस दौरान उन्होंने सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 के तहत दस्तावेज शुल्क प्राप्त करने के बाद भी आवेदक को 100 दिन बिलंब से सूचना दस्तावेज उपलब्ध कराया था। जिसमें एम.के.राउत मुख्य सूचना आयुक्त ने धारा 20-2 के तहत प्रकरण में जांच कर जनसूचना अधिकारी के विरूद्व अनुशासनात्मक कार्रवाई का आदेश पारित किया है।
आरटीआई कार्यकर्ता विनोद कुमार दास ने इस प्रकरण की उच्च स्तरीय शिकायत की थी। जिसमें तात्कालीन जांच अधिकारी खेमलाल दाता और एफ.बी. कुर्रे ने जांच किया। जांच में शिकायत सही मिली। लेकिन जांच अधिकारियों ने महेश ओगरे को सिर्फ चेतावनी पत्र जारी करने हेतु अनुशंसा करके दूषित जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इसी प्रतिवेदन को आधार मानकर सीईओ जिला पंचायत ने सचिव महेश ओगरे को चेतावनी पत्र जारी कर दिया। चेतावनी पत्र में सीईओ ने लिखा कि यदि महेश ओगरे सचिव द्वारा भविष्य में उक्त कृत्य की पुनरावृत्ति होती हैस तो छ.ग. पंचायत सेवा(अनुशासन तथा अपील) नियम 1999 के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी।
इस प्रकरण में आरटीआई कार्यकर्ता विनोद कुमार दास ने सुब्रत साहू अपर मुख्य सचिव छ.ग. शासन पंचायत एंव ग्रामीण विकास विभाग को पुन: जांच हेतु लिखित शिकायत की। प्रकरण की गंभीरता को लेकर मंत्रालय से जांच हेतु संचालक पंचायत संचालनालय छ.ग. को पत्र जारी किया गया। जिसके परिपालन में पंचायत संचालनालय छ.ग. से मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत महासमुंद को पुन: निष्पक्ष जांच का आदेश मिला। लेकिन उप संचालक पंचायत जिला पंचायत महासमुंद ने लिखित में जबाब दिया कि इस कार्यालय को पंचायत संचालनालय छ.ग. से जांच संबंधित उक्त दस्तावेज प्राप्त नहीं हुआ है।
इस तरह जिला पंचायत के अधिकारियों के कार्यशैली से क्षुब्ध होकर आरटीआई कार्यकर्ता विनोद कुमार दास ने सीएम भूपेश बघेल और संचालक पंचायत संचालनालय छ.ग. को पुन: साक्ष्य दस्तावेज सहित शिकायत की। उच्च स्तरीय नियमित शिकायत के बाद अंतत: सीईओ जिला पंचायत महासमुंद ने 26 अप्रैल को चार सदसीय दल से पुन: जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का आदेश जारी किया है।