महासमुन्द

महासमुंद से 899 ने दी परीक्षा, 25 अनुपस्थित रहे
08-May-2023 2:44 PM
महासमुंद से 899 ने दी परीक्षा, 25 अनुपस्थित रहे

महासमुंद, 8 मई। मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए कल जिला मुख्यालय स्थित 3 केंद्रों में नीट की परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई। परीक्षा के लिए कुल 924 परीक्षार्थियों ने पंजीयन कराया था। जिसमें से 899 ने परीक्षा दी, वहीं 25 अनुपस्थित रहे। 

मिली जानकारी के अनुसार शहर के वेडनर, रिवर्डेल तथा गुड़ शेफर्ड स्कूल को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। दोपहर 2 से 5 बजे तक परीक्षा सम्पन्न हुई। इस परीक्षा में पारदर्शिता बरतने के लिए कड़े इंतजाम किए गए थे। परीक्षा के लिए ड्रेस कोड जारी किया गया था। बिना ड्रेस कोड के पहुंचने वाले छात्रों को परीक्षा देने की अनुमति नहीं थी। फुल स्लीव अस्तीन शर्ट, कुर्ता, टी-शर्ट तथा कढ़ाई वाले कपड़े, मोटी जिप या बटन वाले भारी-भरकम कपड़े पहनना मना था। इसके अलावा घड़ी, कैलकुलेटरए पेन भी ले जाना वर्जित था।परीक्षार्थियों को 12 बजे परीक्षा केंद्र में उपस्थित होने कहा गया था। दोपहर डेढ़ बजे के बाद केंद्र के भीतर प्रवेश बंद कर दिया गया। इसके बाद किसी भी केंद्र में किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया गया। ठीक डेढ़ बजे परीक्षार्थियों को परीक्षा के नियम बताए गए। पौने 2 बजे प्रवेश पत्रों की जांच के बाद से 2 बजे परीक्षा शुरू हुई। 

जानकारी के मुताबिक प्रदेश के 10 सरकारी और तीन निजी मेडिकल कालेजों में एमबीबीएस की 2020 सीटें हंै। जिसमें छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा। इनमें सरकारी कालेजों की 82 प्रतिशत सीट स्टेट कोटा, 15 प्रतिशत आल इंडिया और तीन प्रतिशत सेंट्रल पुल की सीटें रहती है। प्रवेश की काउंसिलिंग डीएमई कार्यालय कराएगा। परीक्षा में ग्यारहवीं और बारहवीं के फिजिक्स, केमेस्ट्री और बायो के प्रश्न पूछे गए थे।

हिंदी और अंग्रेजी माध्यम के छात्र को सफेद रंग का प्रश्नपत्र दिया गया था। उर्दू भाषा का चयन करने वाले परीक्षार्थी को व क्षेत्रीय भाषा वाले परीक्षार्थियों को पीला रंग के प्रश्न पत्र दिए गए थे। 


अन्य पोस्ट