महासमुन्द
शाम होते ही टोलियां बनाकर हाथों में टार्च, डंडा और सीटियां बजाती हुईं कमांडो का जिम्मा उठाती हैं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 मई। जिले के सुदूरवर्ती वनांचल आदिवासी बाहुल्य ग्राम पंचायत पझरापाली में महिलाओं ने एक समिति का गठन कर नशामुक्ति अभियान शुरू किया है। इस गांव में हर दिन नशेडिय़ों का जमावड़ा होने लगा था। इनके गाली गलौज, झगड़ा, मनमुटाव, रंजिश, मारपीट, पारिवारिक कलह जैसी वारदातों से महिलाओं और बच्चों को काफी दिक्कतेें आ रही थीं, इसलिए गांव की महिलाओं ने आदिशक्ति जय बूढ़ादेव नशा मुक्ति समिति का गठन कर अवैध शराब बनाए जाने पर रोक लगाने की ठान ली।
अध्यक्ष सरस्वती गढ़तिया ने बताया कि कोई भी सरकार नशा शराब की बुराई से हमें नहीं बचा सकती। इसके लिए महिलाओं को मिलकर एक कदम उठाने होंगे। इस विचार क्रांति को लेकर संगठित महिलाओं ने ग्राम में अवैध शराब धंधा करने वालों के ठेला गुमटियों को ध्वस्त किया और प्रतिदिन शाम होते ही ग्राम की हर घर की महिलाएं टोलियां बनाकर अपने हाथों में टार्च, डंडा और सीटियां बजाती हुईं सक्रिय प्रहरी महिला कमांडो का जिम्मा स्वयं उठाती हैं।
संरक्षक रुक्मणी नाग कहती हैं- हमने गांव में लगातार सक्रियता पूर्वक शराब बिक्री छापामारी निगरानी की ड्यूटी की है। विगत तीन माह में ग्राम के पीडि़त परिवारों में आंशिक परिवर्तन, शांति, सौहार्द, शिष्टाचार, आर्थिक स्थिति में काफी सुधार हुई है।
यहां किसी भी सामाजिक मांगलिक कार्य में शराब पीना, पिलाना परोसना भी प्रतिबंधित है। महिलाओं के इस कार्य में गांव के पढ़े लिखे पुरुष वर्ग का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है।