महासमुन्द

महासमुंद में दिखा मोका तूफान का असर, तेज हवाओं के साथ बारिश
08-May-2023 2:41 PM
महासमुंद में दिखा मोका तूफान का असर, तेज हवाओं के साथ बारिश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 मई। 
चक्रवाती तूफान मोका का असर कल शाम महासमुंद शहर में देखने को मिला। शहर समेत आसपास के इलाकों में कल हल्की से मध्यम वर्षा हुई। इस दौरान तेज हवाएं चलीं। बारिश की वजह से गांवों के खेतों में कटाई में जुटे किसानों के काम प्रभावित हुए। शहर के विभिन्न मोहल्लों में विद्युत व्यवस्था चरमरा गई। 

मौसम विभाग पिछले चार-पांच दिनों से प्रदेश के विभिन्न जिलों में मौसम खराब होने का अनुमान लगा रहे थे। इसी बीच कल सुबह से तेज धूप के बीच उमस महसूस किया जा रहा था। दोपहर आसमान में हल्के बादल आते जाते दिखाई दे रहे थे। इस बीच शाम 6 बजे के आसपास हल्की से मध्यम हवाएं चलने लगीं। देखते ही देखते बारिश शुरू हो गई। इस दौरान महासमुंद स्टेशन मार्ग सहित गंजपारा में विद्युत आपूर्ति प्रभावित होने की वजह से विभिन्न व्यवस्थाओं तथा निजी दफ्तरों के कर्मचारियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। 

जिला मुख्यालय सहित आसपास के ग्रामों में भी तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई। इस तरह दो दिनों तक तेज गर्मी के बाद कल दोपहर से ही मौसम ने फि र एक बार फिर करवट लिया है। कल शाम चली हल्की हवा से ही बिजली कर्मियों की मोबाइल वाहन शहर में निकल पड़ी थी। शहर के 90 फ ीसदी इलाकों में 5 घंटे बिजली गुल रही।


अन्य पोस्ट