महासमुन्द
किसान अपने मुद्दों पर अडिग हैं और लोकतांत्रिक सत्याग्रह जारी है-अनिल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 मई। तुमगांव थाने में दर्ज एफआईआर इश्तगासा को झूठा मानकर महासमुंद न्यायालय ने 2 माह में निरस्त कर दिया। यह आंदोलनकारियों और सत्य की जीत है। हम छत्तीसगढ़ के लाखों छात्रों के अधिकार मजदूरों और किसान के परिवार के लिये लगातार लड़ाई लड़ते रहेंगे। पूरे 437 दिन के सत्याग्रह ने इतिहास में अपना नाम बनाया है। उक्त बातें याचिकाकर्ता, राज्य आंदोलनकारी अध्यक्ष समाजपार्टी अध्यक्ष संयुक्त किसान मोर्चा अनिल दुबे ने कल दोपहर एक प्रेसवार्ता में कही।
दुबे ने कहा कि सत्य की लड़ाई में जीत हुई है। 437 दिन का सत्याग्रह संभवत: भारत का सबसे लंबा चलने वाला किसान सत्याग्रह है। किसान अपने मुद्दों पर अडिग हैं और लोकतांत्रिक सत्याग्रह जारी है। उन्होंने कहा कि कलेक्टर महासमुंद ने बीरनपुर बेमेतरा जिला में 2 समुदायों की लड़ाई पर प्रदेश में 144 धारा का लाभ ले रहे हैं। हमने मुख्य सचिव से लेकर न्यायिक लड़ाई की घोषणा की, तब जाकर एसडीएम महासमुंद ने 144 धारा शिथिल करने का संदेश जिला और प्रदेश के नागरिकों को दिया। उन्होंने बताया कि महासमुंद पुलिस अधीक्षक सहित थाना प्रभारी पिथौरा, नसीमुद्दीन साइबर सेल, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस महासमुंद, एसडीएम महासमुंद, रीडर महासमुंद, थाना प्रभारी तुमगांव पर संविधान का दुरुपयोग करने, फर्जी प्रकरण बनाने एवं भ्रष्ट आचरण सहित हमारा पैसा हड़प लेने का याचिका दायर किया है। बहुत जल्द ही महासमुंद जिला पुलिस पर उच्च न्यायालय कार्रवाई के निर्देश दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के हित में सतत संघर्ष एवं पुलिस अत्याचार के विरूद्ध वर्षों की लड़ाई के चलते उच्च न्यायालय ने मुझे विशेष सुरक्षा नागरिक की सुविधा दी है और छत्तीसगढ़ के समस्त पुलिस अधीक्षक को गृह विभाग छग डीजीपी छग द्वारा सुरक्षा के निर्देश दिये हैं। हमें संविधान और न्यायालय पर पूर्ण विश्वास है और हम प्रथम जीत इनके फर्जी प्रकरण को निरस्त कराकर उच्च न्यायालय में दस्तक दिये हैं।
बीते 4 फरवरी 2023 को हुई घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा के संयुक्त बैठक में अनिल दुबे, दाऊ जीपी चंद्राकर, ड्रायवर एवं गनमैन श्री साहू पहुंचे। लगभग 4 बजे राजधानी रायुपर लौट रहे थे। बिरकोनी औद्योगिक क्षेत्र के पूर्व ही पिथौरा थानेदार तिवारी, महासमुंद सायबर सेल के नसीमुद्दीन, खल्लारी के थाना प्रभारी एवं 8-10 पुलिस कर्मी नेशनल हाइवे में जिस वाहन में मैं बैठा था, उसे रोका और मुझे गिरफ्तार कर लिया।
इस प्रकरण उपरोक्त तीनों को न्यायालय ने दोषी पाया है।