महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 मई। महासमुंद कांग्रेस जिला अध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर ने कहा है कि बम्पर भर्तियों के द्वार खुलने से प्रदेश के हर युवा को रोजगार मिलेगा और उन्हें बेरोजगारी की मार नहीं झेेलना पड़ेगी। भरोसे का पर्याय बनी भूपेश सरकार युवाओं को प्रदेश सरकार सरकारी विभाग में सेवा करने का अवसर प्रदान कर रही है। हर विभाग में भर्तियां निकाल रही है। इससे भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के पेट में दर्द होने लगा है। क्योंकि आरक्षण विरोधी पार्टी बीजेपी ने आरक्षण बिल को राजभवन में पीछे से छुप कर रोकने का काम किया था। यदि 76 प्रतिशत आरक्षण उसी वक्त लागू हो जाता तो प्रदेश के युवाओं का सरकारी नौकरी का ख्वाब पूरा हो जाता।
उन्होंने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी आरक्षण विरोधी है। युवाओं को रोजगार का विरोधी है। भारतीय जनता पार्टी को यह बताना चाहिए कि दो करोड़ युवाओं को प्रति वर्ष रोजगार देने का वादा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। राज्य बनने के बाद पहली बार इतने बड़े पैमाने पर भर्तियां निकली है। अभी तक लगभग 20 हजार से अधिक पदों के लिये भर्तियां निकल चुकी है।
शिक्षा विभाग, राज्य लोक सेवा आयोग, व्यापम, जल संसाधन विभाग, ऊर्जा, आईटीआई, तकनीकी शिक्षा,विद्युत कंपनी, वन विभाग में भर्तियां निकल चुकी है। शेष सभी भर्तियों में भर्तियां निकालने की तैयारी है। देश के अन्य राज्यों तथा केन्द्र सरकार के विभागों में जहां भर्तियों का अकाल है, भूपेश सरकार में छत्तीसगढ़ में भर्तियों की बहार आई है। मुख्यमंत्री के इन्हीं प्रयासों के कारण राज्य की बेरोजगारी दर 1 प्रतिशत से कम है। आगे डॉ रश्मि चंद्राकर ने कहा कि राज्य में भाजपा सरकार के 15 सालों तक युवाओं के लिये सरकारी नौकरी के द्वार बंद कर दिया था। सरकारी विभागों में आउटसोर्सिंग और ठेके पर नियुक्तियां होती थी, कांग्रेस की सरकार बनने के बाद युवाओं के लिये सरकारी विभागों में सीधी भर्तियां निकाली गयी है।