महासमुन्द

लोहराकोट के दबंगों ने गरीबों की झोपडिय़ों को पहले तोड़ा, फिर आग लगा दी
05-May-2023 2:36 PM
 लोहराकोट के दबंगों ने गरीबों की झोपडिय़ों  को पहले तोड़ा, फिर आग लगा दी

 रक्सा मामले में उपद्रवियों के खिलाफ  एफआईआर दर्ज 

रक्सा निवासी पीडि़त परिवार अभी भी घर में कैद, लोहराकोट के बेघर पीडि़त परिवार के 21 लोग छात्रावास में 
जिलाधीश-एसपी गांवों में शांति बहाल की कोशिश में, ग्रामीणों के कार्यकलाप पर नजर रख रहे 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 मई।
लोहराकोट भोकुलडीह पंचायत का आश्रित गांव है। इस पंचायत पदाधिकारी खुद को इस पूरे मामले से पूरी तरह अनभिज्ञ कहते हैं। ग्राम पंचायत भोकलुडीह के सरपंच क्षीरसागर साहू से पूछे जाने पर कहते हैं कि उक्त काबिज शासकीय भूमि पर बेदखली बाबत कोई प्रस्ताव नहीं प्रस्ताव पंचायत में नहीं आया है। और न ही किसी शासकीय प्रयोजन के लिए उक्त जमीन को आरक्षित किया जा रहा है। आश्रित ग्राम लोहराकोट के कुछ लोग इस भूमि को किन कारणों से रिक्त करा रहे हैं यह नहीं पता। दूसरा गांव सिंघोड़ा थाने का रक्सा गांव है जहां गांव वालों ने एक होकर महज गंदा पानी निकासी की वजह से एक परिवार पर लाठी, डण्डे व फावड़े से हमला किया। जब पीडि़त अपने घर में घुसे तो घर में पथराव किया है। सिंघोड़ा थानांतर्गत ग्राम रक्सा में आज भी यह परिवार लगभग सप्ताह भर से घर में बंद है। यहां सुरक्षा कारणों से गए जवानों और उनके वाहनों पर भी हमला हुआ है। 

रक्सा के पीडि़त परिवार का एक सदस्य सरायपाली शहर में रहकर पढ़ाई करता है, ने थाने में उपस्थित होकर उपद्रवी ग्रामीणों के खिलाफ  अपराध दर्ज करवाया है। इनके परिवार के शेष सदस्य अभी भी डर के कारण घर से बाहर नहीं निकल रहे हैं। सिंघोड़ा थाने से मिली जानकारी अनुसार गुणसागर पटेल पिता ललितराम पटेल उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम रक्सा ने कल 4 मई को सिंघोड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया है कि विगत 28 अप्रैल को गांव के उसतराम पांडे, खेमराज पांडे, चंदिका प्रसाद विश्वकर्मा, साहेबराम बरिहा एवं जगन्नाथ ने अश्लील गाली गलौज करते हुए मारपीट की है। उसके घर को ट्रेक्टर व जेसीबी मशीन से तोड़ दिया है। आरोपियों ने परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी है। 

मालूम हो कि इस घटना की जानकारी पाकर गांव पहुंची 112 की टीम पर भी गांव वालों ने लाठी डंडे से हमला किया है। इससे पुलिस के जवानों को भी चोटें आई हैं। यही नहीं टीम के वाहन पर भी पथराव किया है। इसके बाद आरोपियों ने प्रार्थी के घर में पथराव कर  खपरैल को बरबाद कर दिया है। इस संबंध में एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वाइरल हुई थी जिसमें गांव की महिलाएं पथराव करती साफ दिखाई दे रही थीं। 

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों को थाने बुलाकर बयान लिया तो उनका कहना था कि पटेल परिवार के घर का गंदा पानी गांव की ओर बहता है। इसे रोका जाए। यही बात आगे जाकर विवाद में बदला। ग्रामीणों ने माना कि पटेल परिवार पर गांव वालों ने मिलकर लाठी, डण्डे व फावड़े से हमला किया है। जब वे भागकर घर में घुसे तो घर में पथराव किया है। 
गौरतलब है कि पीडि़त परिवार आज भी भय के कारण अपने घर से नहीं निकल पा रहे हैं। परिवार के नारायण पटेल ने छत्तीसगढ़ को बताया है कि घर से तो कोई रिपोर्ट करने के लिए थाना नहीं जा पा रहा था। इसे देखते हुए उनका भतीजा गुणसागर घर वालों से सारी जानकारी लेकर सिंघोड़ा थाना पहुंचा और घर वालों की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराया है। अब कार्रवाई की प्रतीक्षा है। यही कामना कर रहे हैं कि किसी तरह अपने घर से बाहर निकल सकें।

रक्सा के इस मामले की शिकायत में एक बात का उल्लेख भी है कि लगभग दो माह गांव में पीडि़तों का हुक्का पानी बंद है। गांव वालों ने गंदे पानी को लेकर उनका सार्वजनिक बहिष्कार किया है। गांव के सार्वजनिक नल का पानी, तालाब में नहाने जाने के  वक्त पीडि़तों से तरह-तरह की अभद्रता गांव वाले करते हैं। गांव वाले किसी के भी जमीन में नहीं चलने देंगे और खेत में धान तक नहीं बोने की बात करते हैं। पीडि़तों के घर के ट्रैक्टर और दो दरवाजे पत्थरबाजी से क्षति कर दिये हैं। पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ  धारा 147, 506, 427 के तहत अपराध कायम किया है। 

पिथौरा। लोहराकोट के दबंगों ने यहां के 5 परिवारों के घरों को तोड़ कर बेघर करने का प्रयास किया बाद में किसी तरह झोपड़ी बनाकर रह रहे परिवार के झोपडिय़ों में भा आग लगा दी। उन्हें झोपडिय़ों से भी बेेदखल करने का प्रयास किया है। पीडि़त परिवारों ने जिले के कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के कार्यालय में जाकर न्याय की गुहार लगाकर सुरक्षा की मांग की है। जिले के कलेक्टर के निर्देश पर पिथौरा के एसडीएम ने पीडि़त परिवारों को पिथौरा के अनुसूचित जाति छात्रावास में आश्रय देकर उनके भोजन पानी की व्यवस्था विगत 1 सप्ताह से जारी है। पीडि़त परिवार अब भी छात्रावास में शरण लिए हुए हैं।

उपरोक्त संबंध में प्राप्त जानकारी के मुताबिक पिथौरा ब्लाक के ग्राम लोहरा कोट के पांच परिवार विगत 35-40 सालों से नेशनल हाईवे 53 के किनारे खसरा नंबर 185 एवं 186 की शासकीय जमीन पर काबिज थे। इसी में उन्होंने मकान बनया था और खेती किसानी का काम भी करते थे। इन परिवारों को बेदखल करने के लिए गांव के कुछ लोगों द््वारा उन्हें तरह-तरह की यातनाएं दी जा रही है। गांव में बैठक बुलाकर उनके साथ मारपीट की गई है। उनके घरों में तोडफ़ोड़ के बाद झोपडिय़ों में भी आग लगा दी है। 

इस मामले में पीडि़त मनीराम महिलांगे कहते हैं कि इस मामले को लेकर गांव में कई बार बैठक बुलाया गया और उन्हें काबिज भूमि को छोडऩे के लिए विवश किया गया, मारपीट भी की गई। जब नहीं माना तो बिना किसी नोटिस, बिना कोई सुनवाई 21 मार्च 2023 को तहसीलदार पिथौरा एवं थाना प्रभारी सांकरा की मौजूदगी में जेसीबी वाहन से शोभाराम खूंटे, अघन मोती महिलांगे,माया लाल शिकारी,सेवक राम शिकारी एवं सीतादेवी कुर्रे के मकान को तोड़ दिया। 

विरोध करने पर घर की महिलाओं,बच्चों, बेटियों के साथ अश्लील गाली गलौज कर मारपीट की गई। जान से मारने की धमकी दी गई। गांव के दो दर्जन से भी अधिक लोगों ने एक साथ पहुंचकर पीडि़त परिवारों के साथ बर्बरता की। इन्हें बेघर कर छोटे-छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को ट्रैक्टर में डालकर टेमरी के जंगल में ले जाकर छोड़ दिया गया।

किसी तरह पीडि़त परिवार पुन: अपने काबिज स्थल पर वापस लौटे और टूटे हुए मकान के बाजू में झोपड़ी बनाकर रहने लगे तो गांव वालों ने पुन: 27 अप्रेल को इनकी झोपडिय़ों में आग लगा दी। इससे इनका घरेलू सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। अब इनके पास ना तो पहनने के कपड़े बचे हैं और ना ही खाने-पीने लिए कोई बर्तन। घरेलू उपयोग की सारी सामग्री आग में जलकर स्वाहा हो गई। पीडि़त परिवार अब न्याय पाने के लिए जिले के कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के कार्यालय में पहुंचकर न्याय की गुहार लगा रहे हैं। जिले के कलेक्टर निलेश कुमार क्षीरसागर ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पीडि़त परिवारों को पिथौरा के अनुसूचित जाति छात्रावास में रहने की व्यवस्था करा दी है। यहां पिथौरा एसडीएम के माध्यम से उन्हें भोजन पानी की व्यवस्था हो रही है। विगत 1 सप्ताह से पीडि़त परिवार पिथौरा के अनुसूचित जाति छात्रावास में रह रहे हैं। 

इस मामले में सांकरा पुलिस ने पीडि़त शोभाराम खूंटे की रिपोर्ट पर ग्राम लोहराकोट के वीरेंद्र पटेल, बालमति पटेल, लोकनाथ खूंटे एवं महेंद्र राणा सहित अन्य के खिलाफ  धारा 436 एवं 34 के तहत अपराध दर्ज करते हुए विवेचना प्रारंभ कर दी है। पीडि़त परिवारों का आरोप है कि इस पूरे घटनाक्रम के मास्टरमाइंड मुख्य व्यक्ति को बचाने में सांकरा पुलिस लगी हुई है। इसीलिए अभी तक उसके खिलाफ  अपराध दर्ज नहीं किया गया है। जबकि थाना में रिपोर्ट दर्ज कराते समय मुख्य व्यक्ति का नाम बताया गया था। 

ग्राम पंचायत भोकलुडीह के सरपंच क्षीरसागर साहू का इस मामले में कहना है कि उक्त काबिज शासकीय भूमि पर बेदखली बाबत कोई प्रस्ताव नही किया गया है और न ही किसी शासकीय प्रयोजन के लिए उक्त जमीन को आरक्षित किया जा रहा है। भोकलुडीह के आश्रित ग्राम लोहराकोट के कुछ लोग इस भूमि को किन कारणों से रिक्त करा रहे हैं, यह नहीं पता। जबकि अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पिथौरा रविराज ठाकुर का कहना है कि कलेक्टर के निर्देश पर पीडि़त परिवारों को पिथौरा के अनुसूचित जाति छात्रावास में रहने की व्यवस्था कराई गई है। यहां उनके लिए भोजन पानी की भी व्यवस्था की जा रही है।)

महासमुंद जिले के दो गांवों में दबंगों ने गरीब परिवारों की जो हालत की है, उससे जिला और पुलिस प्रशासन भी हैरान है। एक ओर राज्य सरकार और केंद्र सरकार वर्षों से काबिज गरीबों को उनकी काबिज भूमि का पट्टा देने, बेघर लोगों को आवास बनाकर देने का उपक्रम चला रही है। वहीं रक्सा और लोहराकोट में काबिज भूमि से गरीबों को बेदखल किया जा रहा है। इन गांवों में बलवा जैसे हालात पैदा कर गरीबों को जान से मारने की कोशिश हो रही है। घर उजाड़ दिया गया है। झोपडिय़ों में आग लगा दी है। महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों को जबरिया वाहन में भरकर जंगल में ले जाकर छोड़ा जा रहा है। जिलाधीश निलेश क्षीरसागर और एसपी धर्मेंद्र सिंह दोनों ही गांवों में शांति बहाल की कोशिश में लगे हुए हैं और मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों गांवों में ग्रामीणों की कार्यकलापों पर नजर रखे हुए हैं। 


अन्य पोस्ट