महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 मई। परम्परानुसार शासकीय कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय खट्टी की कक्षा आठवीं में अध्ययनरत बालिकाओं को कक्षा छठवीं एवं सातवीं की बालिकाओं ने विदाई दी।
इस अवसर पर संस्था के प्रधान पाठक भागवत जगत भूमिल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राथमिक विद्यालय खट्टी की प्रधान पाठक लीना पाण्डय ने की। जबकि त्रिवेणी कोसरे, त्रिवेणी चन्द्राकर, भूपेंद्र चन्द्राकर तथा सिराज बक्स विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
कार्यक्रम में भूमिका ध्रुव, रूखमणी पटेल, ऋतु पटेल, लिकेश्वरी साहू, अनम फातिमा, लुकेश्वरी साहू, कावेरी निषाद, मोनिका निषाद, जिज्ञासा पटेल, वर्षा साहू, टेमिन निषाद, जिया एवं रेशमा पटेल ने अपने विचार रखे। अपने उद्बोधन में बच्चे सिसक-सिसक कर रोते रहे। इसी कड़ी में मुख्य अतिथि की आसंदी से बोलते हुए प्रधान पाठक भागवत जगत भूमिल ने कहा कि हमारे विद्यालय के शिक्षक एवं छात्राएं खूब मेहनत करते हैं। इस सत्र के कक्षा आठवीं के अधिकांश बच्चे होनहार एवं आज्ञाकारी है। अब आनेवाले बच्चे इन बच्चों का अनुसरण करें।
शिक्षकों ने विदा हो रहे बच्चों को आश्वस्त किया कि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या में बच्चों के साथ हैं। कार्यक्रम के अंत में बच्चों को कलम भेंट किया गया। बच्चों ने भी विद्यालय को प्रतीक चिन्ह भेंट किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में कक्षा छठवीं एवं सातवीं की बालिकाओं का सहयोग रहा। इस कार्यक्रम का संचालन संस्था के वरिष्ठ शिक्षक अभिषेक सालोमन ने तथा आभार प्रदर्शन सिराज बक्स ने किया।