महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 मई। महासमुंद-रायपुर मार्ग में बेलसोंडा के समीप बनने वाले मेडिकल कॉलेज भवन के लिए कुल 325 करोड़ की राशि स्वीकृत हो चुकी है। कुल 90 एकड़ भूमि पर तैयार होने वाले इस कॉलेज का निर्माण एनएमसी की गाइड लाइन के अनुसार किया जाएगा। इसके लिये पूर्व में ही कार्यादेश जारी किया जा चुका है। जानकारी मिली है कि इस मेडिकल कॉलेज भवन का निर्माण सीजी एमएससी करेगी। इसके लिए यहां का सर्वे कर लिया गया है। इसका नक्शा डिजायन करने का काम कलकत्ता की एक कंपनी निर्माण शुरू करेगी।
अस्पताल प्रबंध से मिली जानकारी के अनुसार माहांत तक शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय महासमुंद के भवन का निर्माण शुरू हो जाएगा। मेडिकल कॉलेज से मिली जानकारी के अनुसार सीजी एमएससी का बीआरआईसी से अनुबंध है। इस पत्र के अनुसार ब्रिज एंड रूफ इंडिया कंपनी इंडिया लिमिटेड से सीजी एमएससी नवा रायपुर ने अनुबंध किया है। अनुबंध में प्लानिंग, डिजायनिंग, भवन निर्माण, फनिचर्स, आईटी नेटवर्किंग और मेंटेनेंस आदि शामिल हैं। अनुबंध पत्र में कहा गया है कि उपरोक्त कार्य की कंसलटेंसी सेवाएं हेतु अनुबंध 23 फरवरी को किया गया है।
बहरहाल मेडिकल कालेज की पढ़ाई वैकल्पिक हॉस्टल में हो रही है। जैसे-तैसे पॉलिटेक्निक कॉलेज से पानी लेकर काम चलाया जा रहा है। शहर में वैकल्पिक तौर पर शुरू किये गये मेडिकल कॉलेज के बरोडा बाजार स्थित हॉस्टल में रहने वाले छात्र-छात्राओं को अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यहां सर्वाधिक पानी की किल्लत यहां के चिकित्सा प्रोफेसर तथा असि. प्रोफेसरों को रायपुर से अप डाउन करना पड़ रहा है। चर्चा है कि भवन निर्माण के बाद चिकित्सकों व चिकित्सा प्रोफेसरों के लिए पृथक से क्वार्टर की सुविधा रहेगी। इसके बाद से यहां मरीजों को भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेगी।
डॉ. ईआर वर्मा मेडिकल कॉलेज महासमुंद के मुताबिक इस वर्ष एमएससी तथा मेडिकल कॉलेज प्रबंधन प्रथम वर्ष की पढ़ाई मेडिकल कॉलेज में शुरू हो चुकी है। दिसंबर में परीक्षा के बाद शीघ्र ही मेडिकल कॉलेज कैंटिन, प्ले ग्राउंड सभागार का निर्माण कराया जाएगा। द्वितीय तल पर आंख, कान, नाक, गला रोग सहित अन्य बीमारियों के उपचार की सुविधा होगी। आगामी समय में किसी तरह की परेशानी न हो, इसलिए हॉस्टल, गार्डन, पार्किंग, मेस को ध्यान में रखते हुए मेडिकल कॉलेज भवन का ले आउट तैयार किया गया है। इसके बाद छात्र-छात्राएं सेकंड इयर में प्रवेश लेंगे। भवन के निर्माण को गति दी जा रही है। मेडिकल कॉलेज भवन निर्माण के लिए इसी माह सीजीएमएससी तथा कॉलेज प्रबंधन के बीच बैठक की जावेगी। इस बीच एनएमसी की टीम भी यहां का पुन: औचक निरीक्षण करेगी। बाद ले आउट फाइनल किया जाएगा।