महासमुन्द
कल ग्रामीणों के साथ बैठक कर मामले को सुलझा लिया गया है, वर्तमान में स्थिति नियंत्रण में है-नंदननवार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 मई। पहले दिन गांव वालों ने पीटा। भागकर पुलिस थाना गए। पुलिस के साथ वापस घर लौटे तो गांव वालें ने घर पर पथराव किया। शासन-प्रशासन कहता है स्थिति नियंत्रण में है। लेकिन परिवार के 13 सदस्य बीते पांच दिनों से घर में बंद हैं। यह घटना सांकरा थाना अंतर्गत ग्राम रक्शा का है। जहां 5 दिनों से 13 सदस्यों का एक परिवार दहशत के साये में जी रहा है। उनका आरोप है कि ग्रामीण घर में पथराव कर रहे हैं और घर से बाहर निकलने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। लिहाजा परिवार ने खुद को घर में बंद कर लिया है। अब उनके सामने खाने-पीने तक की समस्या उत्पन्न हो गई है। गांव वालों ने भी इस मामले में थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। विवेचना जारी है।
यह मामला सांकरा थाने में 28 अप्रैल को आया था। प्रार्थी नारायण पटेल ने यहां जानकारी दी कि गांव वालों ने इसे व उसके परिवार को फावड़ा, लाठी, हाथ मुक्के से मारा है। प्रार्थी के मुताबिक गांव के ललित राम के घर की ओर उनके घर से निकला गंदा पानी जाता है। विवाद इसी बात का है। ग्रामीण ट्रैक्टर व जेसीबी मशीन से उनके घर को तोडऩे आए तो नारायण पटेल का परिवार घर से निकलकर भागने लगे। इस दौरान लोगों ने पीछे से पत्थर, फावड़े से हमाल किया। इससे पहले गांव वालों ने इस विवाद को सुलझाने बुलाया था। गांव वालों का कहना है कि नारायण का घर सरकारी जमीन पर है। उसने इस जमीन पर कब्जा किया हुआ है।
आवेदक नारायण के पर 112 के साथ सांकरा पुलिस पहुंची तो प्रार्थी का परिवार भी अपने घर आया। पुलिस के वहां से जाते ही ग्रामीणों ने नारायण के घर में पत्थर बरसाना शुरू कर दिया। लिहाजा उक्त परिवार घर से बाहर न निकलकर खुद को भीतर ही कैद कर लिया है। नारायण पटेल ने मोबाइल के जरिए मीडिया को बताया है कि 5 दिनों से उनका परिवार दहशत में जी रहा है। घर के सभी सदस्य घर के भीतर ही कैद हैं। अब भूखे मरने की नौबत आ गई है। डर के कारण परिवार को कोई भी घर से बाहर ही नहीं निकल रहा है। पुलिस या स्थानीय प्रशासन से भी कोई सहयोग नहीं मिल रहा है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी गांव में आकर बाहर से ही वापस हो रहे हैं। इसी तरह की स्थिति रही तो परिवार सहित आत्मदाह कर लूंगा।
सांकरा थाना प्रभारी केशवराम कोसले के मुताबिक शिकायतकर्ता व ग्रामीणों के बीच जमीन का विवाद है। पहले शिकायत मिलने पर 112 की टीम वहां पहुंची थी। लेकिन ग्रामीणों ने पुलिस की टीम पर भी हमला किया। इसके बाद पुलिस अनुविभागीय अधिकारी व थाना प्रभारी टीम भी वहां गई और ग्रामीणों से चर्चा की। पता चला कि मामला राजस्व का है। वर्तमान में मामला नियंत्रण में है। एक पुलिस कर्मचारी 24 घण्टे वहां तैनात है। अब वहां कोई खतरा नहीं है। शिकायतकर्ता स्वयं ही घर से बाहर नहीं निकल रहा है। उनके बाहर आते ही मामले का निराकरण कर दिया जायेगा।
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व हेमंत रमेश नंदनवार कहते हैं कि अभी तो पथराव जैसी कोई बात नहीं है। शिकायतकर्ता ने थाने में शिकायत दर्ज कारई थी कि गांव वालों ने उनके परिवार पर हमला किया था। पर अब ऐसी कोई बात नहीं है। कल ग्रामीणों के साथ बैठक कर मामले को सुलझा लिया गया है। वर्तमान में स्थिति नियंत्रण में है।
इस पूरे मामले को लेकर भाजपा नेताओं ने प्रशासन को आड़े हाथ लिया है। भाजपा जिलाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी का कहना है कि एक परिवार के 13 सदस्य 5 दिनों से घर में बंद है और उनके समक्ष भूखों मरने की नौबत आ गई है। इसके बावजूद पुलिस व प्रशासन कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि जमीन शासकीय हो या निजी। यदि गलत है, तो शासन के नियम कायदे के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।