महासमुन्द
सत्याग्रह स्थल पर वापस लौटा किसान रथ
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 मई। सिरपुर के आसपास खैरझिटी, कौंवाझर, मालिडीह के किसान अपने गांव के कृषि भूमि, काबिल कास्त, आदिवासी भूमि, वन भूमि, शासकीय भूमि में गैर कानूनी ढंग से बने करणीकृपा पावर प्लांट के खिलाफ आज 433 वें दिन भी सत्याग्रह पर हैं। उनके द्वारा संचालित किसान रथ कल वापस सत्याग्रह स्थल पर आंदोलनकारी किसानों के पास लौट आया है। छसपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष अनिल दुबे ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार को किसानों के पूरी उपज समर्थन मूल्य में खरीदना होगा।
मालूम हो कि हाईवे स्थित खैरझिटी,कौंवाझर, मालिडीह के किसान गैर कानूनी ढंग से निर्माणाधीन करणी कृपा स्टील एवं पावर प्लांट लगने के विरोध में विगत 25 फरवरी 2022 से सत्याग्रह पर हैं। किसान मोर्चा के बैनर तले उनका अखन्ड सत्याग्रह चल रहा है। आज अखंड धरना सत्याग्रह के 433 वां दिन है।
इन किसानों ने अपनी मांग को लेकर एक रथयात्रा निकाली थी जो गांव-गांव घूमते हुए कल आंदोलन स्थल पहुंची है।
इस किसान रथयात्रा के समापन सभा में शामिल कार्यकर्ताओं को राज्य आंदोलनकारी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल दुबे, जीपी चंद्राकर, इंजी. अशोक ताम्रकार, छन्नू साहू, लालाराम वर्मा, श्रीधर चंद्राकर, वेगेन्द्र सोनवेर, विमल ताम्रकार,परसराम ध्रुव, अलखराम साहू, भोला साहू, रूपसिंग निषाद, उदय चंद्राकर, राधबाई सिन्हा, नीरा ध्रुव सरपंच आदि ने संबोधित किया।
किसान रथयात्रा समापन सभा और अखन्ड धरना सत्याग्रह में शामिल कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अनिल दुबे ने कहा कि करणी कृपा स्टील पॉवर प्लांट और शासन प्रशासन की मिली भगत है। किसान सत्याग्रह से घबरा कर किसानों पर फर्जी धारा लगाया जा रहा है। करणी कृपा उद्योग में बाहरी असामाजिक तत्वों का जमावड़ा है। जीपी चंद्राकर ने कहा कि शासन प्रशासन समस्त अवैधानिक एवं गैर कानूनी कार्यों को संरक्षण दे रहे हंै। सभा को प्रदेश किसान नेता छन्नू साहू,लालाराम वर्मा,श्रीधर चंद्राकर,वेगेन्द्र सोनवेर आदि ने भी संबोधित किया।