महासमुन्द
25 दिन पहले जल गया है मल्दामाल गांव का ट्रांसफ ार्मर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,1 मई। महासमुंद जिले के सरायपाली ब्लॉक के मल्दामाल गांव में 25 दिन पहले से बिजली का ट्रांसफ ार्मर जला हुआ है। लिहाजा यहां स्थित बोरवेल से लोगों को पानी नहीं मिल रहा है और लोग गांव स्थित डबरी का पानी पीने मजबूर हैं।
मल्दामाल गांव में पंचायत भवन के पास लगभग 25 दिनों से ट्रांसफार्मर जला हुआ पड़ा है। लेकिन ट्रांसफार्मर बदलने की जहमत विभाग की ओर से नहीं उठाई जा रही है। ऐसे हालातों में ग्रामीणों को नलकूप से पेयजल नसीब नहीं हो रहा है और गांव में बने एक छोटे डबरी नुमा जगह से लोग पीने का पानी ले रहे हैं।
गांव वालों ने फोन पर ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि ऐसे हालात में लोगों की सेहत पर असर पडऩे की आशंका है। डबरी तालाब का पानी पीने से डायरिया और उल्टी दस्त फैलने की भी आशंका है।
गांव वालों के मुताबिक ट्रांसफार्मर बदलने के लिए कई बार विभाग से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन उनकी अब तक नहीं सुनी गई है। गांव के तमाम विद्युत उपभोक्ता बिजली बिल का भुगतान समय पर करते हैं।
मालूम हो कि शासन की ओर से जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल पहुंचा कर शुद्ध पेयजल की आपूर्ति करने के लिए करोड़ों रुपए व्यय किए जा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर एक ट्रांसफार्मर के खराब होने की वजह से लोगों को तालाब का पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। ऐसे में ग्रामीण पेयजल उपलब्ध कराने को लेकर पंचायत के अलावा बिजली विभाग से भी काफी नाराज हैं।
बहरहाल ग्रामीण परेशान हैं और पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने विद्युत विभाग से ट्रांसफार्मर को तत्काल बदलने की मांग भी कर रहे हैं।