महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 अप्रैल। चरित्र शंका के चलते पत्नी को जलाकर मारने का आरोप न्यायायल में दोष सिद्ध होने पर प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश लीलाधर सारथी ने आरोपी को उम्र कैद की सजा व एक हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है। आरोपी को अर्थदंड की राशि नहीं पटाने पर एक माह का अतिरिक्त सश्रम कारावास पृथक से भुगतना होगा।
अभियोजन के अनुसार सांकरा थाना क्षेत्र के ग्राम सावित्रीपुर निवासी 24 वर्षीय राहुल बिसरा अपनी पत्नी सुनीता बिसरा के चरित्र पर संदेह करता था। इसी को लेकर दोनों के बीच वाद-विवाद की स्थिति निर्मित होती थी। घटना दिवस 31 मार्च 2020 को सांकरा थाना में डायल 112 से सूचना मिली कि सावित्रीपुर निवासी सुनीता बिसरा को उसके पति राहुल बिसरा ने मिट्टी तेल डालकर आग लगा दिया है। जिसे उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पिथौरा ले गया।
सूचना पर मरनासन्न बयान महिला का बयान लिया गया, जिसमें मृतिका ने बताया कि उसके पति राहुल बिसरा किसी अन्य व्यक्ति के साथ शक करते थे। इसी बात को लेकर पति पत्नी में विवाद होता था। शक के आधार मिट्टी तेल डालकर हत्या करने के उद्देश्य से शरीर में आग लगा दिया। महिला की गंभीर अवस्था को देखते हुए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।