महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 अप्रैल। इन दिनों महासमुंद जिले के ग्राम भुलका में करीब 10 एकड़ में रागी मडिय़ा की खेती लहलहा रही है। रागी की फसल उपसंचालक कृषि एफआर कश्यप के मार्गदर्शन में व अनुविभागीय कृषि अधिकारी विवेक पटेल के देखरेख में ली जा रही है। जिसे देखने अलग-अलग क्षेत्र, गांवों से कृषक यहां पहुंच रहे हैं। गौरतलब है कि ग्राम भुलका के युवा कृषक मनोज नायक इस समय चर्चा का विषय उन्नत रागी की खेती को लेकर बने हुए हैं। ये प्रतिवर्ष ग्रीष्मकालीन धान 10 एकड़ से अधिक रकबे में करते थे।
इस युवा किसान को एक बेहतर विकल्प की तलाश थी, जिसमें कम पानी व कम प्रबंधन में सरलता से खेती कर बेहतर लाभ कमाया जा सके। तभी क्षेत्रीय ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी देवेन्द्र निषाद ने इस संबंध में उनसे चर्चा की। विभाग के कर्मचारी ने योजना से संबंधित जानकारी कृषक से साझा की और रागी की उन्नत खेती, बीज, खाद, पानी आदि के बारे में विस्तार से बताया। कृषक अपने ग्रीष्मकालीन धान के बदले रागी की खेती करने केलिए तैयार हो गया।
फसल निरीक्षण के लिए आए विकासखंड प्रमुख पीएन सामल, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी एबी दास, कृषि विकास अधिकारी संदीप पटेल, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी हरिशंकर कैवर्त, देवेन्द्र निषाद क्षेत्रीय ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी को कृषक ने फसल देखने आये किसानों को बताया कि रागी का उत्पादन बेचने की झंझट नहीं है। क्योंकि यह बीज उत्पादन कार्यक्रम के तहत बीज निगम में पंजीयन कराया गया है। जिसे बीज निगम द्वारा प्रति एकड़ 8 क्विंटल तक खरीदी की जाएगी। जिसका भुगतान 57 सौ रुपए प्रति क्विंटल की दर से किया जाएगा।