महासमुन्द

लगातार बारिश से सब्जी-आम की फसल को भारी नुकसान
29-Apr-2023 3:29 PM
लगातार बारिश से सब्जी-आम की फसल को भारी नुकसान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 अप्रैल।
लगातार बारिश और आंधी के अलावा ओले गिरने से धान की रबी फसल के साथ-साथ सब्जी फसल और आम के फसल को भी काफी नुकसान हुआ है। इस वक्त रबी फसल कटाई के कगार पर है, लेकिन बेमौसम बारिश से फसल खेत में है और बालियों से धान के दाने गिर-गिरकर जमीन पर पड़े हुए हैं। इन दानों को उठाया नहीं जा सक ता। कई खेतों में तैयार धान की फसल जमीन में लेट गई है। कहीं-कहीं तो खेतों में पानी भी भर गया है। इससे धान खराब होने की आशंका है। 

बीते कुछ दिनों से बेमौसम बारिश ने किसानों को चिंता में डाल दिया है। इससे पहले खेतों में लहलहाते फसल देख किसान काफी संतुष्ट थे। लेकिन मौसम ने अचानक करवट ली और लहलहाते खेतों में फसल के बालियों पर पानी फिर गया। लगाातार 4-5 दिनों से तेज हवा के साथ हुई बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। हवा के झोंको के कारण अधिकतर किसानों की धान की फसल जमीन पर गिर गई है। इससे फसल के सडऩे की आशंका बढ़ गई है। 

लगातार बारिश सेे सब्जियों की फसल भी बर्बाद हो रही है। क्षेत्र के मनकी, तोषगांव, माधोपाली, कुटेला, गिरस, तिहारीपाली, मुंधा, चकरदा, रूढ़ा, नूनपानी, बानीगिरोला, जलगढ़, जटाकन्हार, गोपाली, अमरकोट, मोहदा, उमरिया, कनकेवा, बालसी,लिमगांव आदि गांवों के किसानों के धान की फसल के सात-साथ सब्जियों की फसल को भी काफी नुकसान पहुंचा है। टमाटर, फुलगोभी, पत्ता गोभी, बैगन, प्याज आदि सब्जियों की फसल अधिक पानी गिरने से सडऩे के कगार पर पहुंच गई है और प्याज की फसल को सबसे अधिक नुकसान हुआ है। प्याज को सडऩे से बचाने किसान परिपक्व होने के पहले ही प्याज को जमीन से बाहर निकाल रहे हैं। 


अन्य पोस्ट