महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 अप्रैल। गुरुवार को जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में तेज आंधी के चलते अनेक विद्युत पोल टूट गए। बिजली के तारों पर कई स्थानों पर पेड़ की डालियां गिर गईं। इससे कई गांवों में दिन के अलावा रात में भी ब्लैक आउट की स्थिति रही। हालांकि रात से ही जुटे बिजली कर्मियों ने विद्युत बहाल करने में सफ लता पाई है। अभी भी टूटे पोल तथा विद्युत तारों को दुरुस्त करने अमला जुटा हुआ है।
मालूम हो कि महासमुंद जिला मुख्यलय में आज सुबह से ही बूंदाबांदी जारी है और बारिश जैसे हालात हैं। कल शाम भी तेज हवाएं चलीं। गुरुवार की शाम तेज अंाधी से जिले भर में 35 से अधिक स्थानों पर बिजली के तार टूूट गए। अनेक स्थानों पर विद्युत तार पर बड़े पेड़ गिरे। जिले भर में विद्युत व्यवस्था ठप रही। अनेक स्थानों पर इंसुलेटर ब्लास्ट हो गए। इन स्थानों में गुरुवार रात से बिजली गुल हुई जो कल शुक्रवार को दोपहर बाद ही बहाल हुई।
गुुरुवार रात से विद्युत कर्मचारी बिजली बहाल करने के लिए अंधेरे वाले इलाकों में घूमते रहे। जिला मुख्यालय के इमली भांठा, नयापारा, सुभाष नगर, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रात दो बजे के आसपास बिजली लौटी। बिजली अधिकारी ई आर वर्मा के अनुसार बागबाहरा, सिरपुर, छपोराडीह क्षेत्र के 15 ग्रामों में गुरुवार की रात ब्लैक आउट की स्थिति निर्मित हो गई। इस इलाके के अधिकांश ग्रामों में गुरुवार को अंधड़ के बाद करीब पौन घंटे तेज बारिश हुई। इससे खड़ी फसल को भी नुकसान पहुंचा है। यहां आकाशीय बिजली भी गिरी और देर तक गर्जना होती रही। कल दोपहर 3 बजे तक इस इलाके में विद्युत आपूर्ति बहाल करने में पूरा अमला जुटा रहा।
महासमुंद शहर के तुमगांव रोड, परसदा पुलिस लाईन, कौंदकेरा, झलप मेें पांच विद्युत पोल गिरने से तथा पटेवा क्षेत्र में 33 केव्ही के पांच पोल गिरने से विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। अब भी इन इलाकों में लो-वोल्टेज से लोग परेशान हैं। कई गांवों में लोगों को बोर से पानी नहीं मिला।
महासमुंद शहर में करीब एक दर्जन से अधिक ट्रांसफार्मर बंद होने की वजह से देर शाम तक ब्लेक आउट की स्थिति निर्मित रही।