महासमुन्द
महासमुंद, 27 अप्रैल। बसना से भंवरपुर मार्ग पर स्व. मोहनलाल चौधरी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सरायपाली के पास एक बोरवेल गाड़ी पलट गई। जिसमें बैठे 7 मजदूर घायल हो गए। घटना बुधवार सुबह लगभग 11 बजे की बताई जा रही है।
सभी मजदूर बुधवार सुबह समाचार लिखते तक अस्पताल में भर्ती हैं। समाचार लिखे जाने तक थाने में किसी तरह की एफआईआर दर्ज नहीं हुई थी। मिली जानकारी अनुसार कल सुबह लगभग 11 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के पास एक बोरवेल गाड़ी पलट गई, जिसमें 7 मजदूर घायल हो गए।
घायलों में सेवकराम भोई सावित्रीपुर, भोलापाल देवीघाट, अंगद भोई बहादुरपुर पिथौरा, बाबूलाल सिंह देवीघाट, शिवकुमार बहादुरपुर पिथौरा, हरिलाल धमनी रामानुजगंज व राकेश कुमार मानिकपुर कटघोरा शामिल हैं। सभी का शासकीय अस्पताल में ही इलाज चल रहा है। अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को घटना की सूचना दी थी। अस्पताल में पदस्थ डॉ सुमन सतपथी ने बताया कि एक मजदूर अंगद भोई की छोटी ऊंगली में फ्रेक्चर होने के कारण उसे महासमुंद रिफर किया गया है। दो लोगों को सिर में हल्की चोटें आई हैं एवं अन्य को मामूली चोट हैं एवं सभी की हालत सामान्य है।