महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 अप्रैल। पुलिस ने चारपहिया वाहन में 20 लाख की 1 क्विंटल गांजा तस्करी करते 2 अंतरराज्यीय तस्करों को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार पुलिस को चकमा देने के लिए आरोपियों ने वाहन के सीट के नीचे एवं गाड़ी की छत पर अलग से बक्सानुमा चेम्बर बनाकर गांजा रखा हुआ था। यह थाना कोमाखान एवं सायबर सेल की संयुक्त कार्रवाई है। कल 25 अप्रैल को कोमाखान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा से गांजे की एक बड़ी खेप महिन्द्रा मार्शल गाड़ी महासमुंद होकर रायपुर की ओर आने वाली है।
इस सूचना पर तत्काल पुलिस अधीक्षक ने संज्ञान लेते हुए थाना कोमाखान प्रभारी एवं सायबर सेल प्रभारी को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। सूचना पर टीम मुखबिर के बताए स्थान पर पहुंची तभी खरियार रोड ओडिशा की तरफ से एक महिन्द्रा मार्शल वाहन आते दिखी। पुलिस की टीम ने उसे टेमरी नाके में रोका और पूछताछ शुरू की। उक्त वाहन में बैठे व्यक्तियों ने पुलिस को अपना नाम पता वंकरा सुनील माइकल (36 वर्ष) तथा सतीश राव (31 वर्ष) दोनों निवासी साकिन कोमादारी अमरावती नगर विशाखापटनम बताया। वाहन की तलाशी लेने पर पीछे की सीट के नीचे बक्सानुमा चेम्बर में गांजा मिला। वाहन की छत में अलग चैंबर बनाकर गांजा रखा गया था। इस तरह कुल 16 छोटे बड़े पैकेट में से एक सौ किलो गांजा मिला।
वाहन में गांजा ले जाते पायेे जाने पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर 20 लाख कीमती गांजे के साथ घटना में प्रयुक्त वाहन महिन्द्रा मार्शल वाहन कीमती 15 लाख रुपए भी बरामद किया गया है।
आरोपियों ने अपने बयान में ओडि़शा से गांजा लेकर आना और रायपुर, छत्तीसगढ़ में बिक्री करना बताया। दोनों आरोपियों के विरूद्ध थाना कोमाखान में अपराध धारा 20 ख एनडीपीएस के तहत कार्रवाई की गई है।