महासमुन्द
विरोध में किया आंदोलन शुरू, हंगामा
करणीकृपा कंपनी प्रबंधन के हस्तक्षेप पर हुए शांत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 अप्रैल। श्रम विभाग के आदेश के बावजूद करणीकृपा पावर प्लांट प्रबंधन ने श्रम नियम की अनदेखी कर दी तो विरोध में कल यहां काम करने वाले मजदूरों ने आंदोलन शुरू कर दिया। हालांकि कंपनी प्रबंधन ने जैसे-तैसे समझा बुझाकर मामला शांत करा दिया है।
सूत्र बताते हैं कि इस कंपनी में स्थानीय मजदूरों को कम और बाहर प्रांत से आए हुए मजदूरों को अधिक मजदूरी दी जा रही है। मजदूरी दर में काफी असमानता को लेकर स्थानीय मजदूरों में धीरे-धीरे आक्रोष पनप रहा था। इसी मुद्दे को स्थानीय मजदूरों ने श्रम विभाग में एक आवेदन लगाया था और श्रमविभाग ने एक आदेश जारी कर करणीकृपा पावर प्लांट को समान वेतन की हिदायत दी थी, लेकिन प्रशासन के आदेश को दरकिनार डायरेक्टर मनमर्जी कर रहा था।
जानकारी अनुसार श्रम विभाग ने श्रमायुक्त को 10 अप्रैल को पत्र लिखकर यह जानकारी उपलब्ध कराई थी कि करणी कृपा पावर प्लांट में अ_ारह आदिवासी महिला-पुरुष मजदूरी करते हैं। जिन्हें न्यूनतम वेतनमान अधिनियम 1948 के तहत भुगतान नहीं किया जा रहा है। श्रम निरीक्षक न्यूनतम वेतनमान अधिनियम 1948 का पालन किया जाए। साथ ही काम करने वाले मजदूरों को नियमानुसार अंतर की राशि 2 लाख 24 हजार 640 रुपए का भुगतान करना भी सुनिश्चित करे। यह आदेश लिखित में जारी हुआ था। बावजूद इसके प्लांट में काम करने वाले मजदूरों को मजदूरी की राशि नहीं दी जा रही थी।
कल सुबह मजदूरी राशि में भारी अंतर को लेकर स्थानीय मजदूरों ने तुमगांव के समीप करणी कृपा पावर प्लांट प्रबंधन के विरोध प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की। सुबह 9 बजे से शुरू हुआ मजदूरों का हंगामा लगभग 2 घंटे तक चलता रहा।
स्थानीय मजदूरों का आरोप है कि प्लांट प्रबंधन बिहार के मजदूरों को अधिक मजदूरी दे रहा है तथा स्थानीय मजदूरों को बेहद कम राशि दी जा रही है। आक्रोशित मजदूरों ने निर्माणाधीन प्लांट के पास ही जमकर नारेबाजी की। बाद कंपनी के हस्तक्षेप से किसी तरह शांत हुए।
गौरतलब है कि इसी करणीकृपा प्लांट के खिलाफ साल भर पहले से किसानों का एक आंदोलन चल रहा है। सिरपुर क्षेत्र के गांवों के ग्रामीण किसान मजदूर छग संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले करनी कृपा पावर प्लांट के विरोध में आंदोलन कर रहे हैं। आंदोलन में सिरपुर क्षेत्र के गांवों के ग्रामीणों को स्थानीय जन प्रतिनिधियों का अब तक साथ नहीं मिल सका है।
छग संयुक्त किसान मोर्चा ने उक्त संयंत्र में कल हुए विवाद को संवेदनशील बताते हुए कहा है कि संयंत्र के भीतर स्थानीय मजदूरों के साथ बाहरी लोगों का विवाद हुआ था। जिला प्रशासन को चाहिए कि संयंत्र के भीतर जांच कर बाहरी लोगों को बाहर करने की पहल करें।