महासमुन्द
सिमटता जा रहा महानदी का दायरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 अप्रैल। मुंबई-कोलकाता फोरलेन निर्माण के लिए बीएससीपीएल ने लीज पर महानदी की 4 एकड़ भूमि पर खनन की अनुमति लेकर बेतहाशा रेत की खुदाई कर दी है।
सारे नियमों को ताक पर रखकर बीएसपीसीएल ने आवंटित क्षेत्र से बाहर जाकर अंधाधुंध खनन करके लाखों टन रेत निकाल लिया है। इस पर महासमुंद खनिज विभाग ने बीएससीपीएल कंपनी पर 4 करोड़ 30 लाख रुपए का जुर्माना लगाया था, जिस पर बीएसपीसीएल ने न्यायालय में मुकदमा दायर किया था, लेकिन न्यायलय में यह मामला बरसों से अटका पड़ा है और बीएसपीसीएल ने यह राशि जिला प्रशासन को उपलब्ध नहीं कराई है।
जानकारी के मुताबिक महासमुंद जिला मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर की दूरी पर बसे ग्राम पंचायत बरबसपुर में 10 मई 2012 से 9 मई 2013 तक फोरलेन निर्माण बीएससीपीएल कंपनी को खनिज विभाग ने 4 एकड़ 1.60 हेक्टेयर भूमि लीज पर दिया था। कंपनी ने महानदी के आबंटित क्षेत्रफल से सौ गुना ज्यादा जमीन पर रेत खनन कर दिया है।
प्रभारी खनिज अधिकारी महासमुंद उमेश कुमार भार्गव ने बताया कि खनिज विभाग द्वारा बीएससीपीएल कंपनी पर 4 करोड़ 30 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया था। जिसको लेकर कंपनी ने न्यायालय में मुकदमा दायर की थी। अब तक बीएसपीसीएल ने जिला प्रशासन को उक्त राशि को चुकता नहीं किया है।
गौरतलब है कि महानदी के आसपास बहुत से रेत खदान संचालित हैं। उन खदानों से रेत निकालकर वहां से निकले वाले मलबे को महानदी के आसपास ही डंप किया जा रहा है। इससे पर्यावरण को नुकसान हो रहा है और महानदी का दायरा भी सिमटने लगा है।