महासमुन्द

छोटे खेमड़ा के जोंक नदी में कच्चा रास्ता बनाकर राहगीरों से अवैध वसूली, मामला दर्ज
26-Apr-2023 3:51 PM
छोटे खेमड़ा के जोंक नदी में कच्चा रास्ता बनाकर राहगीरों से अवैध वसूली, मामला दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 26 अप्रैल। कोमाखान थाना अंतर्गत ग्राम छोटे खेमड़ा के जोक नदी में कच्चा रास्ता बनाकर राहगीरों से अवैध रूप से पैसे की वसूली की शिकायत की गई है। पुलिस को जानकारी दी गई है कि मौके पर गए ग्राम पंचायत के सरपंच एवं पंच के साथ धक्का-मुक्की, गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी दी गई है।

सरपंच की शिकायत पर कोमाखान पुलिस ने आरोपी युवक एवं उसके अन्य साथियों के खिलाफ  अपराध कायम किया है।

पुलिस के अनुसार ग्राम छोटे खेमड़ा के ओम प्रकाश ठाकुर नामक युवक पर गांव वालों का आरोप है कि जोंक नदी पर कच्ची रास्ता बनाकर आने जाने वाले राहगीरों से अवैध रूप से पैसों की वसूली करता है। ग्रामीणों की शिकायत पर मौके पर गये ग्राम पंचायत खेमड़ा के सरपंच एवन सिंह साहू एवं पंच पुरुषोत्तम सागर के साथ आरोपी युवक ओम प्रकाश ठाकुर ने गाली-गलौज, धक्का-मुक्की एवं जान से मारने की धमकी दी है।

यह रास्ता  ग्राम खेमड़ा क्षेत्र से ओडिशा जाने हेतु प्रमुख मार्ग माना जाता है। आरोपी युवक ने लोगों की आवाजाही को देखते हुए जोंक नदी पर कच्चा रास्ता बनाकर उस रास्ते से आने जाने वाले सभी राहगीरों से अवैध रूप से पैसे की वसूली करता है। इससे उसकी अच्छी खासी कमाई हो रही थी। एक दिन में औसतन सैकड़ों लोग इस रास्ते का इस्तेमाल कर आरोपी युवक को पैसे दे रहे थे। सरपंच की शिकायत पर कोमाखान पुलिस ने आरोपी युवक ओम प्रकाश ठाकुर एवं उसके अन्य साथियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 294, 323, 506 एवं 34 के तहत अपराध कायम किया है।


अन्य पोस्ट