महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 अप्रैल। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 353 पर ग्राम झालखम्हरिया के समीप कल सुबह विपरीत दिशा से आ रही 2 बाइकों के टकराने से एक बाइक सवार शिक्षक की मौत हो गई। मृतक पहले फौज में नौकरी करते थे, जबकि दूसरी बाइक पर सवार मनोज गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे रायपुर भेज दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार कल सुबह बरोंडा चौक महासमुंद निवासी शिक्षक पंकज चंद्राकर पिता नारायण (42 वर्ष) अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 04 एचवी 6868 से खैरटखुर्द बागबाहरा जाने के लिए निकला था। खैरटखुर्द स्कूल में पदस्थ थे। ग्राम झालखम्हरिया के समीप सामने से आ रही एक मोटरसाइकिल से उनकी मोटर साइकिल की टक्कर हो गई। दोनों को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
जहां चिकित्सकों ने पंकज चंद्राकर को मृत घोषित कर दिया तथा मनोज को रायपुर रिफर किया। कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक पंकज सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद शिक्षकीय सेवा से जुड़ा था। रायपुर रोड़ पर शहर से लगे ग्राम खरोरा में हाइवे किनारे निर्मित शहीद स्मारक के निर्माण में उनका महत्वपूर्ण योगदान था। उनकी मृत्यु की खबर से शहर में शोक की लहर दौड़ गई। खबर मिलते ही पूर्व सैनिक संगठन से जुड़े सेवानिवृत्त फौजी एकत्र हो गये।
रायपुर से उनके पूर्व फौजी मित्र भी पहुंचे। जिला अस्पताल में पीएम के बाद शहीद स्मारक खरोरा ले जाया गया। जहां उन्हें पूर्व फौजियों तथा गणमान्य जनों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। वहां से मुख्य मार्ग से होकर उनका शव बरोंडा चौक स्थित उनके निवास पहुंचाया गया। शहर से लगे उनके गृह ग्राम खैरा के मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया।