महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 अप्रैल। शनिवार की शाम तेज अंधड़ के साथ हुई बारिश और ओले गिरने की वजह से फ सलों को नुकसान होने की जानकारी मिलने पर संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने ग्राम भावा पहुंच कर किसानों से चर्चा की। इसके बाद संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने प्रभावित किसानों को राहत दिलाने राजस्व अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए हैं।
शनिवार को बारिश-ओले गिरने के बाद राजस्व अमला रविवार को खेतों में पहुंचा। उन्हें 45 खेत लबालब मिले हैं। खेतों में पक कर खड़ी धान की फसल को भारी नुकसान हुआ है। भावा, तेंदुवाही, सिनोधा, बरेकेल, बनपचरी, रामसागरपारा ग्रामों में ओलावृष्टि से खेतों में खड़ी की फसल को भारी नुकसान हुआ है। ओलावृष्टि से धान की बालियां और दानें टूटकर खेतों में बिखर गई है। प्रभावित सभी गांवों में खेतों का एक सा नजारा देखा गया।
जानकारी मिली है कि इस प्राकृतिक आपदा ओलावृष्टि से ग्राम बरेकेल, बनपचरी, तेन्दुवाही, भावा, सिनोधा में रबी फसल को शत-प्रतिशत नुकसान हुआ है। इस बात की जानकारी मिलने पर भाजपा नेता भी खेतों तक पहुंचे थे।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की शाम तेज अंधड़ के साथ बारिश हुई। कुछ स्थानों पर ओले भी गिरे। इससे फसलों को नुकसान पहुंचा है।
पटेवा क्षेत्र के प्रवास पर पहुंचे संसदीय सचिव व विधायक विनोद चंद्राकर को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने ग्राम भावा पहुंचकर किसानों से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान किसानों ने बताया कि बेमौसम बारिश व ओले गिरने से फसलों को नुकसान पहुंचा है। जिस पर संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने किसानों को राहत दिलाने राजस्व अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए।
इस दौरान मंडी अध्यक्ष हीरा बंजारे, जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण पटेल, बीज अनुसंधान समिति के संचालक दाऊलाल चंद्राकर, जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री संजय शर्मा सहित मदनलाल पटेल, हेमलाल पटेल, दुकालू ध्रुव, जगमोहन पटेल, नाहुकराम साहू, द्वारपाल ध्रुव, मोहन पटेल,तिलकराम सेन, कन्हैयालाल केवर्त, मोहन चौहान, घासूराम दीवान आदि मौजूद रहे।
किसानों ने उन्हें बताया कि अब फसल पककर तैयार हो चुकी थी। कटाई का इंतज़ार था कि तेज आंधी और बारिश के साथ ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। इससे उनके परिवार के मुहंह का निवाला छिन गया है। झलप, पटेवा क्षेत्र में सर्वाधिक नुकसान हुआ है।