महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 अप्रैल। कोतवाली पुलिस ने कल शाम बिरकोनी से रेत लदे 2 हाइवा को कोतवाली लाया। घंटों बाद भी इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई। बात जब राजधानी तक पहुंची तो वहां से संघ के नेता भी महासमुंद आ गए। बाद में वाहनों को छोड़ दिया गया।
कोतवाली पहुंचे संघ के प्रदेशाध्यक्ष को पुलिस ने बताया कि पुलिस ने उक्त वाहनों को नहीं लाया है, जबकि हाइवा चालक बता रहे हैं कि उन्हें पुलिस वाले लेकर आए। कल शाम कोतवाली पुलिस ने एनएच-53 पर बिरकोनी से रेत से भरी 3 हाइवा वाहनों को 10-12 किमी दूर कोतवाली लाया। सीजी 04 एचव्ही. 9032 और सीजी 04 एनएस.5894 हाइवा में रेत भरी हुई थी। शाम को वाहन कोतवाली लाए गए, लेकिन घंटों बाद भी कोई कार्रवाई नहीं किये जाने की सूचना राजधानी पहुंची। तब राजधानी से छग हाईवा परिवहन संघ के प्रदेशाध्यक्ष विनोद अग्रवाल कोतवाली पहुंचे। उन्हें बताया गया कि पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। रात 8-9 बजे तक श्री अग्रवाल, दोनों ड्राइवर लालसिंह और सूरज भारती के साथ कोतवाली परिसर में थे। तब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
विनोद अग्रवाल ने पुलिस पर आरोप लगाया है कि पुलिस ने रायल्टी के दस्तावेज और ड्राइव के तमाम कागजात, मोबाइल फोन और ड्राइविंग लाइसेंस दिखाने के बाद भी पुलिस ने उक्त वाहनों और उसके चालकों को घंटों तक कोतवाली में बिठा रखा। बाद में वाहनों को छोड़ दिया गया।
श्री अग्रवाल ने बताया कि कुछ दिनों पूर्व संघ ने कलेक्टर, एसपी को ज्ञापन दिया था। तब उन्होंने भरोसा दिलाया था कि रायल्टी व दस्तावेज सही होंगे तो वाहनों को परेशान नहीं करेगा।