महासमुन्द

हड़ताली सचिवों की पंचायतों का अस्थायी अतिरिक्त प्रभार आदेश जारी
20-Apr-2023 3:59 PM
हड़ताली सचिवों की पंचायतों का  अस्थायी अतिरिक्त प्रभार आदेश जारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 20अप्रैल। महासमुंद, बागबाहरा में हड़तालरत पंचायत सचिवों के प्रभार अन्य अधिकारियों को सौंपने के लिए कल एक आदेश जारी हुआ है। बसना, पिथौरा, सरायपाली के हड़ताली सचिवों के प्रभार के आदेश आज शाम तक जारी कर दिए जाएंगे।

आदेश में कहा गया है कि सचिवों के हड़ताल से लौटने के बाद यह आदेश स्वमेव निरस्त हो जाएगा। अतिरिक्त प्रभार वाले सचिव छग पंचायत राज अधिनियम 1993 की धारा 66.4 के तहत ग्राम पंचायत निधि से राशि का आहरण सरपंच तथा नियुक्त किए गए सचिव के संयुक्त हस्ताक्षर से कर सकेंगे। सचिवों के हड़ताल पर चले जाने से यह वैकल्पिक व्यवस्था की गई है।

मालूम हो कि पंचायत सचिवों की बेमुद्दत हड़ताल से गांवों की मूलभूत सुविधाएं, सरकारी योजनाएं और विकास कार्य प्रभावित हुआ है।

 पूरे 33 दिनों बाद अंतत: कल महासमुंद की 57 और बागबाहरा जनपद की 111 कुल 168 पंचायतों का अस्थायी अतिरिक्त प्रभार 58 अधिकारियों को सौंपा गया है। कल इसका आदेश सीईओ जिला पंचायत एस. आलोक ने जारी किया। खबर है कि पिथौरा, बसना और सरायपाली जनपद के हड़ताली सचिवों की पंचायतों के अस्थायी अतिरिक्त प्रभार का आदेश भी आज कल में जारी हो जाएगा।

मिली जानकारी के अनुसार गत 16 मार्च से पंचायत सचिव नियमितीकरण की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। इन्हें शासन ने 24 घंटे में काम पर लौटने की चेतावनी दी थी। लेकिन इसका असर आंदोलनकारी सचिवों पर नहीं पड़ा। हड़ताल लंबी खिंच जाने से और गांवों में विकास कार्य व मूलभूत सुविधाएं प्रभावित होने के माह भर बाद प्रशासन ने ग्रामीण सुविधाओं की सुध लेते हुए हड़ताली सचिवों की पंचायतों का अस्थायी अतिरिक्त प्रभार देते हुए आदेश जारी कर दिया है।

चर्चा है कि जिला प्रशासन के पास हड़ताली सचिवों की पंचायतों का प्रभार देने के लिए पर्याप्त स्टाफ  नहीं था। जनपदों में पदस्थ अधिकारियों ने भी प्रभार लेने से मना कर दिया था। आखिरकार करारोपण अधिकारी,सहायक विकास विस्तार अधिकारी, विकास विस्तार अधिकारी तथा हड़ताल पर नहीं जाने वाले पंचायत सचिवों को उनकी वर्तमान प्रभार वाली पंचायत के आसपास की पंचायतों का प्रभार दिया गया है।

हालात यह हो गए हैं कि एक-एक सचिव के पास अधिकतम 5-5 पंचायतों का प्रभार हो गया है। महासमुंद जनपद की 57 पंचायतों का अतिरिक्त प्रभार 34 तथा बागबाहरा जनपद क्षेत्र की 96 पंचायतों का अतिरिक्त प्रभार 24 अधिकारियों के कंधों पर डाला गया है। यहांके 15  सचिव हड़ताल पर नहीं हैं।


अन्य पोस्ट