महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 14 अप्रैल। करणीकृपा स्टील प्लांट के खिलाफ खैरझिटी, कौंवाझर, मालिडीह के किसानों का सत्याग्रह आज 414 वें दिन भी जारी है। किसान कृषि भूमि, गरीबों का काबिल कास्त भूमि, आदिवासी भूमि, वन भूमि, शासकीय भूमि में गैर कानूनी ढंग से एमओयू लेकर बन रहे करणी कृपा उद्योग का विरोध कर रहे हैं।
कल सत्याग्रह के 413 वें दिन सत्याग्रहियों ने शासन की संपत्ति कब्जा करने पर एफआईआर दर्ज कराने विधिवत आवेदन पुलिस अधीक्षक,जिलाधीश महासमुंद को दी। जिसमें कहा गया है कि करणी कृपा उद्योग के आर्थिक पैकेज का लाभ प्रशासनिक अधिकारी और नेता ले रहे हैं। इस स्थान पर यह उद्योग महज कोडार के पानी को उपयोग करने के लिए लगाया जा रहा है। इसके शुरू होने के बाद सैकडा़ें गांवों में पानी के लिए हाहाकार मचेगा और खेतों के फसल को भी पानी नहीं मिल सकेगा।
मालूम हो कि 25 फरवरी 2022 से किसानों का यह सत्याग्रह जारी है। छत्तीसगढ़ संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले जारी इस सत्याग्रह में खैरझिटी, कौंवाझर, मालिडीह, पीढ़ी, बिरकोनी, अचानकपुर गांवों के लगभग 50 किसान सपरिवार आंदोलनरत हैं।
सत्याग्रही किसान अशोक कश्यप, दशरथ लाल सिन्हा, डेविड चंद्राकर, अवधराम साहू, लीलाधर पटेल, दिनेश कुमार यादव, सरजूराम यादव, तोषण लाल ने ‘छत्तीसगढ़’ को जानकारी दी है कि श्रम आयुक्त संचानालय इंद्रावती भवन ने आंदोलन में शामिल प्रति मजदूर को 37 हजार 440 रुपए के हिसाब से छ: मजदूरों का 2 लाख24 हजार 640 रुपए भुगतान की रसीद सहित जमा करने का निर्देश दिया गया है, लेकिन इस राशि को लेने के लिए सत्याग्रही तैयार नहीं हैं। करणी कृपा प्राइवेट लिमिटेड पहले ही निर्माण कार्य में लगे 18 श्रमिकों को उनकी शासन द्वारा निर्धारित मजदूरी में लाखों रुपए की धोखाधड़ी कर चुकी है।