महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 14 अप्रैल। स्थानीय कस्तूरबा बालिका छात्रावास में एक अधीक्षिका और 15 छात्राएं कोरोना पॉजिटिव पाई गईं। सभी पॉजिटिव छात्राओं को घर भेज दिया गया है, वे होमक्वारंटीन में रहेंगी, वहीं अधीक्षिका भी होमक्वारंटीन हो गई हंै।
ज्ञात हो कि अप्रैल में करीब प्रतिदिन कोरोना के 2 से 10 प्रकरण दर्ज किए जा रहे हंै। पॉजिटिव हुए सभी मरीजों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
नगर के समीप लाखगढ़ स्थित कस्तूरबा बालिका छात्रावास की एक अधीक्षिका को सर्दी खांसी बुखार की शिकायत के बाद जब उसका कोरोना टेस्ट किया गया तो वह पॉजिटिव निकलीं। इसके बाद स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की खण्ड चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर कस्तूरबा छात्रावास में कैम्प लगाकर वहां के लक्षण वाले बच्चों की कोरोना टेस्ट करने पर 40 में से 11 बच्चे पॉजिटिव पाए गए। कल लतक अधीक्षिका को मिलाकर कुल 12 पॉजिटिव उक्त छात्रावास में मिले।
खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. तारा अग्रवाल ने बताया कि सभी पॉजिटिव छात्राओं को दवाइयां एवं आवश्यक निर्देश देकर छात्रावास के खाली कमरों में आइसोलेट करने के निर्देश दिए गए थे, परन्तु पता चला है कि छात्रावास अधीक्षिका द्वारा प्रभावित बच्चों को उनके घर भेज दिया गया है। अब बच्चों के घर के आसपास स्थित स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशत कर कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग कराई जा रही है। डॉ. अग्रवाल के अनुसार प्रभावित सभी मरीज सामान्य है।
पिथौरा में अप्रैल में 29 पॉजिटिव
पिथौरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अंतर्गत अप्रैल माह में कोविड का आंकड़ा अचानक बढ़ गया है। लैब प्रभारी भुवन जांगड़े के बताया कि मार्च में मात्र 3 ही कोविड पॉजिटिव मामले मिले थे, परन्तु अप्रैल में 13 अप्रैल तक कुल 29 कोविड पॉजिटिव प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं। इसमें कल कस्तूरबा छात्रावास के 12 मामले शामिल हंै।
आज भी पुन: कस्तूरबा बालिका छात्रावास में कैम्प लगाकर जांच की गई, जिसमें 4 छात्राएं कोरोना पॉजिटिव पाई गईं। सभी 15 कोरोना पॉजिटिव छात्राओं को घर भेज दिया गया है, वे होमक्वारंटीन में रहेंगी।