महासमुन्द

महासमुंद के नगरीय क्षेत्रों में धारा 144 लागू
13-Apr-2023 5:02 PM
महासमुंद के नगरीय क्षेत्रों में धारा 144 लागू

सभा, धरना, रैली, जुलूस, भीड़,  अवांछित विचरण पर प्रतिबंधित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,13अप्रैल। राज्य के जिला बेमेतरा में हुई दो समुदायों के बीच विवाद को देखते हुए महासमुंद जिले में शांतिपूर्ण कानून व्यवस्था कायम रखने के अलावा जिले में कोरोना वायरस कोविड 19 के बढ़ते संक्रमण से बचाव व स्वास्थ्यगत् आपातकालीन स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी महासमुंद निलेशकुमार क्षीरसागर ने धारा 144 लागू कर दी है। दण्ड प्रक्रिया संहिता 1973 के अंतर्गत धारा 144-1 के तहत् प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए उन्होंने जिले के सम्पूर्ण नगरीय क्षेत्र में विभिन्न प्रकार की सभा, धरना, रैली, जुलूस के आयोजन आदि को प्रतिबंधित कर दप्रसं की धारा 144 लगा दी है। इस आशय के आदेश कल बुधवार की शाम जारी की गई है।

यह धारा जिला महासमुंद के सम्पूर्ण नगरीय निकाय क्षेत्र यथा महासमुंद, तुमगांव, बागबाहरा, पिथौरा, बसना एवं सरायपाली अंतर्गत उपरोक्त स्थिति को नियंत्रण में रखने हेतु विभिन्न प्रकार के सभा, धरना, रैली, जुलूस के आयोजन, सार्वजनिक स्थानों में भीड़ एवं अवांछित विचरण आदि पर लागू रहेगा। कोई भी व्यक्ति समूह 5 या 5 से अधिक लोगों की भीड़ जुटाकर एकत्र नहीं होंगे और न ही घूमेंगे। कोई भी व्यक्ति न तो किसी प्रकार का शस्त्र, तलवार, फरसा, भाला, लाठी, चाकू, छुरा, कुल्हाड़ी, गुप्ती, त्रिशुल, खुखरी, सांग एवं बल्लम अथवा अन्य अस्त्र-शस्त्र लेकर सार्वजनिक स्थान पर नहीं निकलेगा। यह आदेश शासकीय कर्तव्य पर तैनात अधिकारी,पुलिस कर्मचारियों पर लागू नहीं होगा। जो व्यक्ति शासकीय कर्तव्य पर हैं, कर्तव्य के दौरान अस्त्र-शस्त्र धारण कर सकेंगे।


अन्य पोस्ट