महासमुन्द

डेढ़ करोड़ की नशीली लिक्विड के साथ 30 लाख का गांजा संग हरियाणा के 3 बंदी
12-Apr-2023 3:18 PM
डेढ़ करोड़ की नशीली लिक्विड के साथ 30 लाख का गांजा संग हरियाणा के 3 बंदी

विशाखापट्नम से महासमुंद होते हरियाणा ले जा रहे थे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,12 अप्रैल।
पुलिस अधीक्षक महासमुंद धर्मेन्द्र सिंह की टीम ने डेढ़ क्विंटल गांजे की अवैध तस्करी करते 3 अंतर राज्यीय आरोपियों को हिरासत में लिया है। जिस मेटाडोर से आरोपी गांजे की तस्करी कर रहे थे, उसमें 30 लाख रुपए कीमती 32 नग ड्रम में थेटावेट लिक्विड एफ एस 8517 आईसीटी लोड था। उक्त लिक्विड की कीमत एक करोड़ साठ लाख रुपए आंकी गई है।

पुलिस के मुताबिक बरामद गांजे की कीमत तीस लाख रुपए और तस्करी में प्रयुक्त आयशर मेटाडोर का बाजार मूल्य पंद्रह लाख रुपए है। आरोपियों से 3 मोबाइल सहित कुल 2 करोड़ 5 लाख, छ: हजार रुपए का सामान बरामद किया है।
सायबर सेल एवं थाना कोमाखान टीम ने इस अवैध गांजा तस्करी पर संयुक्त कार्रवाई जारी थी। थाना कोमाखान की टीम को 10 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ गांजे की एक खेप महासमुंद होते हुए हरियाणा राज्य की ओर जाने वाली है।

उक्त सूचना पर तत्काल थाना कोमखान एवं सायबर सेल की टीम ग्राम नर्रा बैरियर पहुंची। वहां नाकेबंदी कर ओडिशा से आने-जाने वाली संदिग्ध वाहनों की चेकिंग शुरू हुई। इसी बीच आयशर मेटाडोर ओडिशा राज्य की ओर से आते दिखा। इस वाहन को नर्रा नाके के पास रोका गया।

वाहन में काले रंग वाले ड्रमों से थेटावेट लिक्विड एफ एस 8517 आईसीटी भरा हुआ था। पूछताछ में वाहन चालक व उसमें बैठे हुए व्यक्तियों ने अपना नाम दर्शन सिंह (45 वर्ष) हरियाणा, अमन कुमार मीनचंदा (30 वर्ष) हरियाणा, मनोज कुमार कश्यप (20) हरियाणा बताया।

पूछताछ में आरोपियों ने वाहन में 32 नग ड्रम में थेटावेट लिक्विड भरा हुआ होना व समान को हरियाण राज्य ले जाना बताया। थाना कोमाखान एवं सायबर सेल टीम को संदिग्धों के कथन सें विरोधाभास लगा और वाहन की तलाशी ली। इस दौरान पुलिस टीम ने वाहन में लोड ड्रमो में थेटावेट लिक्विड को नीचे उतारा। इस तलाशी में ड्रमों के बीच सफेद रंग की 6 प्लास्टिक बोरियां मिली।

बोरियों में 104 पैकेट छोटा, 03 पैकेट मध्यम, 04 पैकेट बड़ा, 02 पैकेट बहुत बड़ा कुल 113 पैकेट पीले रंग की झिल्ली में पैक किया हुआ अवैध मादक पदार्थ गांजा मिला।
आरोपियों ने उक्त गांजे को विशाखापट्नम से लेकर आने और हरियाणा ले जाने की बात कही। तीनों आरोपियों के खिलाफ  अपराध धारा 20बी एनडीपीएस के तहत गिरफ्तार कर तीनों को जेल भेज दिया गया है।


अन्य पोस्ट