महासमुन्द
पांच दिवसीय मारुति महायज्ञ का समापन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,11अप्रैल। महासमुंद जिला मुख्यालय स्थित दादाबाड़ा में आयोजित पांच दिवसीय श्री मारुति महायज्ञ का सोमवार को वैदिक मंत्रों के साथ पूर्णाहुति हुई। इस दौरान लगातार यज्ञाचार्य पं पंकज तिवारी व उनके विप्रजन वैदिक मंत्रों का सस्वर पाठ करते रहे। इस दौरान यजमान विनोद सेवनलाल चंद्राकर सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पूर्णाहुति देते हुए मंगलकामनाएं की।
आठ से साढ़े 9 बजे यज्ञ मंडप में सभी देवी देवताओं की पूजा-अर्चना की गई। पश्चात इसके पूर्णाहुति का कार्य शुरू हुआ। जिसमें वैदिक मंत्रों के साथ मुख्य यजमान विनोद सेवनलाल चंद्राकर व सहयजमानों ने हवन कुंडों में आहुतियां दीं। पूर्णाहुति में काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। प्रवचन मंच के दोनों ओर बैठकर श्रद्धालुओं ने भी पूर्णाहुति दी। वहीं यज्ञस्थल के पास बनाए गए पंच आहुति कुंड के सामने भी श्रद्धालुओं ने हवन पूजन में भाग लिया। इसके पश्चात श्री मारुति नंदन की महाआरती हुई। बाद इसके गाजेबाजे के साथ मुख्य यजमान विनोद सेवनलाल चंद्राकर यज्ञाचार्य के साथ यज्ञान्त स्नान के लिए महामाया मंदिर स्थित तालाब पहुंचे। जहां विधि विधान से यज्ञान्त स्नान कार्य सम्पन्न हुआ। कुलदेवी मां महामाया से आशीर्वाद प्राप्त कर फिर से यज्ञ मंडप आये। जहां विप्रजनों का सम्मान किया गया।
इस दौरान कन्या भोज के साथ ब्राह्मण भोज भी कराया गया। इसके अलावा यहां आयोजित भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी भोजन ग्रहण किया। बालयोगी विष्णु अरोड़ा का स्मृति चिन्ह भेंट कर किया अभिनंदन किया गया। शाम प्रवचन मंडप में आयोजित एक कार्यक्रम में बालयोगी श्री अरोड़ा तथा यज्ञाचार्य पं पंकज तिवारी का यजमान विनोद सेवनलाल चंद्राकर व आयोजन समिति के सदस्यों ने गजमाला से अभिनंदन किया। बालयोगी श्री अरोड़ा ने यजमान व संसदीय सचिव श्री चंद्राकर की तारीफ करते हुए कहा कि धर्म के प्रति निष्ठा व लगन की वजह से ही इस आयोजन से क्षेत्र के हजारों की संख्या में श्रद्धालु स्वस्फू र्त जुड़े।
श्री मारुति महायज्ञ के अंतिम दिन नगर में भव्य आभार शोभायात्रा निकाली गई। सोमवार की शाम दादाबाड़ा से शोभायात्रा निकाली गई जो मुख्य मार्ग से होते हुए वापस कार्यक्रम स्थल पर समाप्त हुई। यजमान श्री चंद्राकर ने आयोजन को सफल बनाने में प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष सहयोग के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।