महासमुन्द

नपाध्यक्ष ने सांसद को सौंपा पत्र: पूछा- केन्द्र सरकार और सांसद मद से क्षेत्र के विकास में क्या उपलब्धि है?
09-Apr-2023 3:45 PM
नपाध्यक्ष ने सांसद को सौंपा पत्र: पूछा- केन्द्र सरकार और सांसद मद से क्षेत्र के विकास में क्या उपलब्धि है?

कहा-कमर तोड़ महंगाई गरीबों को मुंह चिढ़ा रही हैं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 अप्रैल।
छत्तीसगढ़ के 14 विधायकों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा चर्चा पर बुलाए जाने को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग ने सांसद चुन्नीलाल साहू को एक पत्र सौंपा है। जिसमें उन्होंने उन विधायकों सहित सांसद से सवाल किया है कि देश की जनता क्या गुनाह किया है कि एक के बाद एक कमर तोड़ महंगाई की मार पड़ रही है। गरीबों के साथ प्रधानमंत्री ने उज्जवला गैस सिलेंडर वितरण कर उनके साथ भद्दा मजाक किया गया है। गरीब परिवार गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमत के चलते फिर लकड़ी जलाने को मजबूर हो गए हैं।

नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती महिलांग ने कल शुक्रवार को सांसद चुन्नीलाल साहू से मिलकर उन्हें एक स्मरण पत्र सौंपा है। उन्होंने  छत्तीसगढ़ के 14 विधायकों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बुलावे पर चर्चा पर जाने को हास्यास्पद करार दिया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के पौने तीन करोड़ जनता ने उन विधायकों को भी अपना अमूल्य मत देकर चुना है। तो क्या छत्तीसगढ़ की जनता के प्रति उनकी कोई जवाबदेही नहीं बनती कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से कमर तोड़ महंगाई से आम जनता को राहत पहुंचाने की अपनी ओर से मांग रखें?

इस दौरान नपाध्यक्ष श्रीमती महिलांग ने सांसद से कहा कि 2014 में संपन्न लोकसभा चुनाव में जनमानस ने आपके दल भारतीय जनता पार्टी को सरकार बनाने व आपके पार्टी के सांसद चुने। पुन: लोकसभा चुनाव में आपको जनता ने भारी बहुमत से विजय का आशीर्वाद देकर लोकसभा का सदस्य निर्वाचित किया था। आपके विधायक और सांसद ने छत्तीसगढ़ के पौने तीन करोड़ जनमानस का विश्वास को तोडऩे के अलावा छत्तीसगढ़ के विकास में रोड़ा अटकाने का काम किया है। आम जनता अपनी अनेक मूलभूत समस्याओं के निराकरण की आशा आप से की थी, जो आज तक अधूरी ही है।

उन्होंने कहा है कि वर्तमान में रसोई गैस के दाम 1100 रुपए से अधिक कीमत में मिल रही है जो पूर्व में कांग्रेस गठबंधन के समय 550 रुपए की कीमत थी। वर्तमान में दाल व खाद्य तेल के दाम भी आसमान छू रहा है। आप ने इन सभी जनसमस्याओं पर मौन धारण कर लिया है, जो हम सभी लोकसभावासियों के लिए अत्यंत दुख का विषय है।

नपाध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्र के अनेक योजनाएं विशेषत: सिंचाई योजनाएं केंद्र सरकार के अधीन केंद्रीय वन पर्यावरण मंत्रालय में अनापत्ति प्रमाण के लिए लंबित है। इन योजनाओं के क्रियान्वयन से क्षेत्र में कृषि का रकबा व पैदावार में बढ़ोतरी होगी।

उक्त विषयों में आपकी भूमिका प्रभावी ना रहीं। नपाध्यक्ष ने कहा कि आपके सांसद मद की राशि से पालिका क्षेत्र में कोई भी उल्लेखनीय विकास संपन्न नहीं हुआ। क्षेत्र में पढ़े लिखे बेरोजगार युवाओं की तदात दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रहीं है व केंद्र की कोई भी उपक्रम व निजी क्षेत्र आज तक स्थापित नहीं हो पाया है। नपाध्यक्ष श्रीमती महिलांग ने सांसद से निवेदन करते हुए कहा कि आपके संसदीय कार्यकाल में व केंद्र सरकार की क्षेत्र व नगर में उपलब्धि बताने का कष्ट करें।


अन्य पोस्ट