महासमुन्द
प्रभु यीशु मसीह तीसरे दिन रविवार को फिर से जी उठे थे-पास्टर देवानंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 अप्रैल। आज रात ईस्टर पर महासमुंद के गिरिजाघरों में प्रार्थनाओं का लंबा दौर चला। कैथोलिक चर्च के पास्टर देवानंद वाघ ने कहा कि यह समय बुराई पर अच्छाई की जीत और नफरत पर प्यार की जीत का जश्न मनाने का समय है। यह ईस्टर आपको ईश्वर के करीब लाता है और आपके दिल को प्यार और करुणा से भर देता है। ईस्टर का त्योहार प्रथम शताब्दी के प्रारंभिक चर्च के समय से मनाया जा रहा है। प्रभु यीशु मसीह को गुड फ्राइडे के दिन उनके शत्रुओं ने क्रूस पर चढ़ाया। जबकि परमपिता के सामथ्र्य से प्रभु यीशु मसीह तीसरे दिन रविवार को फिर से जीवित हो गए।
समस्त कलीसिया चर्च इस दिन को ईस्टर के रूप में या पुनरुत्थान पर्व के रूप में मनाते हैं। यह सारी घटना आज से दो हजार साल पूर्व घटित हुई। इसी स्मृति में सारा मसीह जगत प्रभु यीशु मसीह के पुनरुत्थान दिवस को ईस्टर के रूप में मनाता है। आज के दिन लोग सुबह कब्रिस्तान जाकर अपने पूर्वजों की याद में उनकी कब्रों पर मोमबत्ती जलाकर पुष्पार्पित करते हैं। लिहाजा आज सुबह महासमुंद में सभी चर्चों में सुबह आराधना में प्रभु यीशु मसीह के पुनर्जीवन को याद किया गया तथा सभी लोग अपने मित्र व प्रियजनों को शुभकामनाओं का आदान प्रदान करते रहे।