महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 अप्रैल। नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग ने उपाध्यक्ष, पार्षदों की मौजूदगी में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 52 हितग्राहियों को भवन निर्माण अनुज्ञा प्रमाण पत्र का वितरण किया है। नगर पालिका अध्यक्ष राशि महिलांग ने कल मंगलवार को अध्यक्ष सभाकक्ष में पालिका क्षेत्र के सभी 30 वार्डों के पात्र 52 हितग्राहियों को भवन निर्माण के लिए अनुज्ञा प्रमाण पत्र स्वीकृति पत्र का वितरण किया। भवन अनुज्ञा प्रमाण पत्र मिलने से हितग्राही के चेहरे खिल उठे।
नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती महिलांग ने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र में 625 से अधिक भवन निर्माण हो चुका है। वहीं 93 से अधिक निर्माण कार्य प्रगति पर है। नगर पालिका अध्यक्ष राशि महिलांग ने कहा कि नगर विकास व गरीबों के आवास निर्माण में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी। पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है। साथ ही नगर में करोड़ों रुपए से नगर में विकास कार्य भी किया जा रहा है।
इस अवसर पर नगर पालिका सभापति व उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार चंद्राकर, मुख्य नगर पालिका अधिकारी डी.एल.बर्मन,पूर्व नपाध्यक्ष एवं पार्षद पवन पटेल, पार्षद हफीज कुरैशी, मंगेश टांकसाले, राजेश नेताम, आवास योजना के लोकरंजन साहू, वाहन प्रभारी जितेंद्र महंती, स्वच्छ भारत मिशन के नौशाद बख्श सहित जनप्रतिनिधि व नगरवासी मौजूद थे।