महासमुन्द

बीस दिनों से हड़ताली पंचायत सचिवों को मिल सकता है 24 घंटे के भीतर काम पर लौटने का सरकारी आदेश
05-Apr-2023 2:57 PM
बीस दिनों से हड़ताली पंचायत सचिवों को मिल सकता है 24 घंटे के भीतर काम पर लौटने का सरकारी आदेश

अवहेलना करने वालों के विरूद्ध हो सकती है अनुशासनात्मक कार्रवाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 अप्रैल।
बीते बीस दिनों से पंचायत सचिवों की बेमुद्दत हड़ताल जारी है। इससे गांवों की मूलभूत सेवाएं तो प्रभावित हो ही रही है। दूसरी और सेवाएं भी ठप पड़ गई है।
 विभाग से मिली जानकारी के अनुसार प्रशासन इन्हें 24 घंटे के भीतर काम पर लौटने का सरकारी फरमान जारी कर सकता है। इस फरमान की अवहेलना करने वाले हड़ताली सचिवों के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव जनपद से भेजा जाएगा तथा हड़ताली सचिवों के स्थान पर सहायक आंतरिक लेखा परीक्षण एवं करारोपण अधिकारियों को अस्थाई प्रभार सौंपे जाने के निर्देश दिए जाएंगे।

मालूम हो कि बीते 16 मार्च से नियमितीकरण की मांग को लेकर जिले के कनिष्ठ पंचायत सचिव अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। इससे गांवों में मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ हितग्राही मूलक कार्य, अन्य विकास कार्य, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र,जाति प्रमाण पत्र बनाने का काम ठप पड़ गया है। जिले के स्कूलों में प्रवेश की नई प्रक्रिया भी शुरू हो रही है। ऐसे में उपरोक्त प्रमाणपत्रों की जरूरत स्कूली बच्चों को पड़ सकती है। कुछ महिनों बाद विधानसभा चुनाव भी होने हैं।

आंतरिक लेखा परीक्षण एवं करारोपण अधिकारी संघ के प्रांताध्यक्ष प्रकाश शुक्ला ने कल सचिवों की हड़ताल निराकरण करने का आग्रह करते हुए संचालक पंचायत विभाग को पत्र सौंपा है। पत्र में उन्होंने स्पष्ट किया है कि उनका संघ सचिवीय दायित्व दिये जाने का विरोध करता है और विभाग के दायित्व का निर्वहन उनके सदस्य करते रहेंगे। यदि दायित्व सौंपा जाता है तो संघ आंदोलन हेतु बाध्य होगा। इस पत्र के बाद प्रशासन के समक्ष फिर समस्या खड़ी हो जाएगी।

गौरतलब है कि महासमुंद जिले में 551 ग्राम पंचायतें हैं। बताया गया है कि वरिष्ठ सचिव इस हड़ताल में शामिल नहीं है। इनकी संख्या करीब आधी है। शेष पंचायत सचिव हड़ताल पर हैं। फिलहाल शासन की ओर से कोई पहल होती नहीं दिख रही है। हालांकि हड़ताली सचिवों को 24 घंटे में काम पर लौटने का निर्देश जारी करने की बात कही जा रही है। आज बुधवार को तत्संबंध में जनपदों से सचिवों के नाम निदेश जारी हो सकता है। इसके साथ ही अवहेलना करने वालों के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का निर्देश भी जारी होने की संभावना व्यक्त की गई है।

पंचायत राज अधिनियम 1993 की धारा 69-1 के अनुसार जिले में कार्यरत सहायक आंतरिक लेखा से परीक्षण एवं करारोपण अधिकारी के अलावा मैदानी स्तर पर कार्यरत अधिकारी कर्मियों की सूची जनपदों से जानकारी मांगी गई है। ताकि सचिवों के स्थान पर इन्हें प्रभार सौंपने की कार्रवाई की जा सके।

ग्राम पंचायत राज अधिनियम 1993 की धारा 66-4 के अनुसार पंचायत निधि से राशि आहरण प्रभारी सचिव व सरपंच हेतु संयुक्त हस्ताक्षर से ग्राम पंचायत निधि से राशि आहरण किए जाने के निर्देश दिये गए हैं।
 


अन्य पोस्ट