महासमुन्द
75 गांवों से 3 महीने में रिकार्ड 1173 ट्रैक्टर पैरा मिला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 अप्रैल। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आह्वान पर महासमुंद में राज्य भर से ज्यादा पैरादान हुआ है। कल इस बाबत एक प्रेसवाार्ता लेकर नगरपालिका के उपाध्यक्ष कृष्णा चंद्राकर ने कहा कि क्षेत्र के किसानों ने गौठानों में गौवंश के लिए पैरा दान किया है। पैरादान मामले में महामसुंद प्रदेश में अव्वल है। यहां के किसानों ने तीन माह में 4629 टन पैरा दान किया है। यह मुख्यमंत्री की उदारवादी नीति का असर है कि किसान पैरा दान के लिए आगे आ रहे हैं।
नपा उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार चंद्राकर के साथ इस दौरान जनपद सदस्य कुणाल चंद्राकर, देवेंद्र चंद्राकर, अनुराग चंद्राकर, हरिशंकर साहू आदि मौजूद थे। उन्होंने बताया कि किसानों में जागरूकता लाने कलेक्टर ने पैरादान महादान रथ को नगर पालिका से हरि झंडी दिखाकर रवाना किया था और महज 24 दिन में ही जन जागरूकता अभियान से लोग जुड़ते गए। महासमुंद के 75 गांवों में 3 माह में 1173 ट्रेक्टर पैरा किसानों ने गौठानों में दान किया। उन्होंने बताया कि छग की संस्कृति और परंपरा को बचाने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अहम भूमिका निभाई है। छग के पौने 3करोड़ लोगों की चिंता करने वाले सीएम ने न केवल गरीब किसान, मजदूर युवा हितों के लिए जन कल्याणकारी योजनाएं बनाई बल्कि गौ माता के संरक्षण व संवर्धन की भी चिंता की। यही कारण है उन्होंने किसानों से गौठानों में पैरादान करने की अपील की। इससे प्रभावित होकर नपा उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार चंद्राकर ने स्वयं पैरादान के लिए गांवों में रथ के माध्यम से जन-जन से पैरादान की अपील की।