महासमुन्द
महासमुंद,4 अप्रैल। बसना जनपद परिसर में 102 ग्राम पंचायत के सचिव संघ अपनी एक सूत्रीय मांग परिवीक्षा अवधि के बाद शासकीयकरण को लेकर हड़ताल पर डटे हुए हैं। काम बंद कलम हड़ताल के 18वें दिन हड़ताली पंचायत सचिवों ने 24 मार्च 2023 को छग शासन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा हड़ताली पंचायत सचिवों को 24 घंटे के अंदर काम में लौटने के निर्देश की प्रतियों को जलाकर विरोध प्रदर्शन किया।
सचिव मेघनाथ पटेल ने बताया कि छग शासन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा सभी मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत परियोजना निदेशक डीआरडीए को अपने पत्र में कहा कि पंचायत सचिव अपनी विभिन्न मांगों की पूर्ति के संबंध में 16 मार्च 2023 से अनिश्चितकालीन हडताल पर चले गये हैं। जिसकी वजह से पंचायतों का कार्य प्रभावित हो रहा है। हड़ताल की वजह से पंचायतों द्वारा दी जाने वाली सेवाओं तथा हितग्राहीमूलक शासकीय योजनओं के क्रियान्वयन में बाधा उत्पन्न हो रही है। छग पंचायत राज अधिनियम 1993 की धारा. 69-1 में दिये गये प्रावधान के अनुसार जिले में कार्यरत सहायक आंतरिक लेखा परीक्षण एवं करारोपण अधिकारी के साथ-साथ यथास्थिति मैदानी स्तर पर कार्यरत अधिकारी, कर्मचारियों को भी वर्तमान में कार्य संपादन हेतु ग्राम पंचायत सचिव का प्रभार सौंपा जाये। उन्होंने आगे बताया कि छग पंचायत राज अधिनियम 1993 की धारा.66-4 के अनुसार निधि से राशि आहरण सरपंच तथा नियुक्त किये जाने वाले सचिव के संयुक्त हस्ताक्षर से करने निर्देश मिले हैं। हड़ताली सचिवों उक्त आदेश की कॉपी जलाकर विरोध प्रदर्शन किया है।