महासमुन्द

प्रधानपाठक को टेमरी स्कूल के बच्चों-शिक्षकों ने दी विदाई
31-Mar-2023 3:07 PM
प्रधानपाठक को टेमरी स्कूल के बच्चों-शिक्षकों ने दी विदाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 31 मार्च। जिले के शासकीय प्राथमिक शाला डीही टेमरी में 28 मार्च को संस्था के पूर्व प्रभारी प्रधानपाठक बेनीराम चक्रधारी को स्कूल से विदाई दी गई। चक्रधारी पदोन्नत होकर अन्य शाला में चले गये हैं। विदाई समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बेनीसम चक्रधारी मंचासीन थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता लोकनाथ निषाद अध्यक्ष शाला प्रबंधन समिति डीही टेमरी ने की। विशिष्टि अतिथि के रूप में विद्यालय के संकुल समन्वयक अनिल पटेल, सहायक शिक्षक रेखराम साहनी, डालेश्वर साहू, अनिल पटेल उपस्थित थे।

उक्त कार्यक्रम में बेनीराम चक्रधारी ने अपना अनुभव साझा करते हुए बच्चों को स्नेहाशीष दी। उन्होंने बताया-मैं इस गांव का पहला शिक्षक हूं। गांव के चौराहे में स्थित एक छोटे से छपरी में बच्चों को बिठाकर पढ़ाता था। आज राज्य के स्कूलों की स्थिति सुधरी है। बच्चे पहले भी योग्य थे, लेकिन अब 21वीं सदी के बाद विज्ञान से ज्याादा रु-ब-रू हुए हैं। हर बच्चा पढ़ लिखकर अपने परिवार और गांव का नाम रौशन कर रहा है। मैंने भी बच्चों को किताबों के अलावा व्यवहारिक ज्ञान देने में कमी नहीं की है। चाहता हूं कि मेरे विद्यार्थी कलेक्टर, कमिश्नर, राजनेता, अफसरों बनने के साथ-साथ एक अच्छा इंसान भी बनें।

शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ने अपने विचार प्रकट करते हुए कहा कि बेनीराम चक्रधारी बहुत ही कर्मठ और समय के पाबंद रहे हैं।

स्कूल में मध्यान्ह भोजन संचालिक करने वाली स्वसहायता समूह की महिलाओं ने भी श्री चक्रधारी कोउपहार भेंट की। संस्था की ओर प्रधानपाठिका द्रोपती साहू सरसिज एवं सहायक शिक्षक रिंकल अग्रवाल ने कक्षा पांचवीं के बच्चों के साथ उन्हें उपहार भेंट किया। कार्यक्रम का संचालन द्रोपती साहू तथा आभार प्रदर्शन रिंकल अग्रवाल ने किया।


अन्य पोस्ट