महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,7 मार्च। शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय महासमुंद में प्रो. अनुसुइया अग्रवाल के मार्गदर्शन में कल 6 मार्च को बसंत का औदात्य एवं प्रस्तुति का वैविध्य विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन आई.क्यू.ए.सी. एवं हिन्दी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. अनिल भतपहरी, सचिव छ.ग. राजभाषा आयोग, विशिष्ट अतिथि कलेक्टर प्रतिनिधि दुर्गेश वर्मा अपर कलेक्टर महासमुंद थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. अनुसुइया अग्रवाल समन्वयक एवं आई.क्यू.ए.सी. प्रभारी मनीराम धीवर, सहसंयोजक डॉ. दुर्गावती भारतीय, सचिव सीमारानी प्रधान, विषय विशेषज्ञ प्रो. (डॉ.) पुनीत बिसारिया-आचार्य हिन्दी विभाग बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय झांसी (उ.प्र.), डॉ. जय कौशल-आचार्य हिन्दी विभाग असम विश्वविद्यालय, डॉ. विनय कुमार पाठक, डी.लिट्.-पूर्व अध्यक्ष, छ.ग. राजभाषा आयोग राजमंत्री दर्जा प्राप्त छ.ग. शासन एवं डॉ. चित रंजन कर, डी.लिट्.-पूर्व अध्यक्ष, साहित्य व भाषा अध्ययन शाला, पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर के आतिथ्य में हुआ।
स्वागत उद्बोधन प्राचार्य अनुसुइया अग्रवाल ने किया। डॉ. अग्रवाल ने सबका स्वागत करते हुए कहा कि बसंत का औदात्य जितना विस्तृत है उससे कहीं अधिक साहित्य में उसके विविध रूप की प्रस्तुति हुई है। उन्होंने आगे कहा कि इस राष्ट्रीय शोध संगोष्ठी में विद्वतजनों का आगमन एवं उनका वक्तव्य ही इस महाविद्यालय के लिये बसंत है। संगोष्ठी में मंचस्थ अतिथियों को स्मृति चिन्ह एवं राजकीय गमछा से सम्मानित किया गया।
संगोष्ठी की सचिव प्रो. सीमारानी प्रधान ने संगोष्ठी की प्रासंगिकता एवं रूप रेखा पर प्रकाश डाला।प्रथम सत्र के विषय वशेषज्ञ डॉ. पुनीत बिसारिया ने हिन्दी सिनेमा में बसंत विषय पर अपने विचार प्रस्तुत करते हुए कहा कि - बसंत ऋतु हिन्दी सिनेमा में कई दशको से आकर्षण का विषय रहा है एवं जनमानस को प्रभावित करता रहा है। इस सत्र के दूसरे विषय विशेषज्ञ डॉ. विनय कुमार पाठक ने बसंत ऋतु का शास्त्रीय एवं पौराणिक महत्व विषय पर विस्तार से अपनी बात कही। द्वितीय सत्र के विषय विशेषज्ञ डॉ. जय कौशल ने अपने विषय मध्यकालीन साहित्य में बसंत के महत्व पर विस्तार पूर्वक प्रकाश डालते हुए सभी क्षेत्रों में बसंत के प्रभाव पर विस्तृत जानकारी दी। इस सत्र के दूसरे विषय विशेषज्ञ डॉ. चित रंजन कर ने हिन्दी गद्य साहित्य में बसंत का औदात्य विषय पर चर्चा करते हुए इस ऋतु के भाषायी महत्व पर प्रकाश डाला।
उन्होंने आगे कहा कि बसंत राग-विराग के समन्वय का पल है। मनुष्यय से मुनष्य का संवाद ही साहित्य है और यह तादात्म्य प्रकृति एवं मनुष्य में हो तो जीवन सहज सुंदर हो जाता है। समापन सत्र के विषय विशेषज्ञ देवेन्द्र कुमार भारद्वाज ने राग-पराग अनुराग का बसंत विषय पर बसंत के महत्व पर प्रकाश डाला। संगोष्ठी में प्रथम एवं द्वितीय तकनीकी सत्र में साहित्य में बसंत का औदात्य एवं प्रस्तुति का वैविध्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्राध्यापकों, शोधार्थियों व विद्यार्थियों द्वारा शोध पत्र का वाचन किया। इस अवसर पर देश के 44 महाविद्यालयों से 100 से अधिक प्रतिभागी शामिल हुए।