महासमुन्द
महासमुंद,6 मार्च। पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा ने जिला अस्पताल का नामकरण स्व. पुरुषोत्तम कौशिक के नाम से करने पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए इसे स्व. कौशिक को श्रद्धांजलि का एक सोपान बताया है और कहा है कि स्व. कौशिक को सच्ची श्रद्धांजलि तब होगी जब जिला एवं मेडिकल कालेज अस्पताल में इलाज कराने आने वाले गरीब, असहाय एवं मजदूरों के इलाज की दुरूस्त व्यवस्था होगी। आज जिस बदहाली से यह अस्पताल गुजर रहा है उसकी संपूर्ण जिम्मेदारी कांग्रेस के शासन एवं स्थानीय विधायक एवं स्वास्थ्य विभाग के संसदीय सचिव की है। इस नामकरण को सच्ची श्रद्धांजलि बताकर स्थानीय विधायक अपनी नाकामियों को ढंकना चाहते हंैै। डा. चोपड़ा ने कहा कि कुछ लोगों के द्वारा इस कार्यक्रम को संपन्न कराकर लौट जाने से छत्तीसगढ़ के उन लाखों लोगों को ठेस पहुंची है जो राजनैतिक मतभेद के बावजूद कौशिक जी के आदर्शों को अपनाते हुए उनके सर्वहारा होने के संघर्ष को जिंदा रखे हुए हैं।