महासमुन्द

अब स्व. पुरुषोत्तम कौशिक के नाम पर जाना जाएगा महासमुंद का जिला अस्पताल
05-Mar-2023 3:29 PM
अब स्व. पुरुषोत्तम कौशिक के नाम पर जाना जाएगा महासमुंद का जिला अस्पताल

जिला अस्पताल के नामकरण से मिली स्व. कौशिक को सच्ची श्रद्धांजलि-विनोद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 मार्च।
समाजवादी नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व.पुरूषोत्तम कौशिक के नाम से जिला हॉस्पिटल महासमुंद को जाना जाएगा। जिला हॉस्पिटल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आभार जताते हुए नामकरण कार्यक्रम का शुभांरभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हॉस्पिटल का नामकरण स्व कौशिक को सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा-मैं बचपन से स्व. कौशिक से प्रभावित रहा।

शनिवार को जिला हॉस्पिटल परिसर में जिला हॉस्पिटल का नामकरण पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. पुरूषोत्तम कौशिक के नाम पर होने से पहले शुभांरभ कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर थे। मुख्य अतिथि संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. कौशिक के छायाचित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभांरभ किया।

अपने संबोधन में संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. कौशिक समाजवादी नेता के साथ ही किसानों और मजदूरों के हितैषी रहे हैं। स्व. कौशिक ने गांव,गरीब व किसानों की बेहतरी के लिए आजीवन काम किया। उनके हृदय में यहां की मिट्टी और यहां के लोगों के प्रति सही मायने में बड़ा लगाव था। स्व. कौशिक बहुत ही सरल स्वभाव के थे। राजनीति की समझ उनमें गजब की थी।  

समाजवादी नेता दाऊलाल चंद्राकर ने पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. पुरूषोत्तम कौशिक को याद करते हुए कहा कि स्व. कौशिक किसानों, मजदूरों व वनवासियों के लिए संघर्ष करते रहे। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार से ताल्लुक रखने वाले स्व. कौशिक ने ग्राम पंचायत के सरपंच पद से लेकर केंद्रीय मंत्री तक का सफर तय किया। बड़े पद पर पहुंचने के बाद भी उन्हें महासमुंद से लगाव रहा और वे अंतिम समय तक यहीे रहकर लोगों की सेवा की। उन्होंने जिला हॉस्पिटल परिसर में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. कौशिक की आदमकद प्रतिमा स्थापित किए जाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम को चंद्रनाहू शिक्षण समिति के चंद्रहास चंद्राकर व नरेंद्र दुबे ने भी संबोधित किया।  कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जनपद अध्यक्ष यतेंद साहू, कृषि उपज मंडी अध्यक्ष हीरा बंजारे, विश्वनाथ कौशिक,दिलीप कौशिक, द्वारिका चंद्राकर, नरेंद्र दुबे, संजय शर्मा, खिलावन बघेल, खिलावन साहू, सेवनलाल चंद्राकर, नुकेश चंद्राकर, चमन चंद्राकर, दिलीप जैन, जसबीर ढिल्लो, हुलासगिरी गोस्वामी, हार्दिक सोना, गिरजाशंकर चंद्राकर, आदि मौजूद थे।
कार्यक्रम के बाद संसदीय सचिव व विधायक श्री चंद्राकर ने जिला हॉस्पिटल में भर्ती मरीजों को फल वितरित किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों का हाल चाल भी जाना।
 


अन्य पोस्ट