महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 मार्च। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन महासमुंद जिला इकाई द्वारा प्रांतीय आव्हान पर अपनी चार सूत्रीय मांगों सहित विविध मांगों को लेकर फेडरेशन के सह संयोजक टेकराम सेन, प्रमोद तिवारी, उमेश भारती गोस्वामी, अशोक गिरि गोस्वामी, ओमनारायण शर्मा के नेतृत्व में डाइट के सामने से नारेबाजीज एवं प्रदर्शन करते हुये रैली की शक्ल में कलेक्टोरेट पहुंच कर मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव छ.ग. शासन के नाम अपर कलेक्टर दुर्गेश वर्मा को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन सौंपते हुए सह संयोजक टेकराम सेन द्वारा मांग पत्र का वाचन करते हुये बताया कि 14 सूत्रीय मांगों के लिये गठित पिंगुआ कमेटी की रिपोर्ट तत्काल सरकार को सौंपने, प्रदेश कर्मचारियों एवं पेंशनरों को लंबित पांच प्रतिशत महंगाई भत्ता एवं सातवें वेतनमान के अनुसार गृहभाड़ा भत्ता तथा जन घोषणा पत्र में उल्लेखित चार स्तरीय पदोन्नत वेतनमान प्रदान करने, पुराने बस स्टैंड पंडरी को धरना स्थल घोषित किये जाने के साथ ही घोषणा पत्र में उल्लेखित अन्य मांगों को पूरा करने की मांग रखी है।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से प्रमोद तिवारी, तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ से अशोक गिरि गोस्वामी प्रदेश तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ से ओमनारायण शर्मा, राज्य कर्मचारी संघ से रिखीराम साहू, छग शिक्षक संघ से उमेश भारती गोस्वामी, अरुण प्रधान, राजेन्द्र इंगोले, राजेश शर्मा, लक्ष्मीकांत सिन्हा, राजस्व पटवारी संघ से चन्द्रभान साहू, नितेश श्रीवास्तव, स्वास्थ्य मैदानी कर्मचारी संघ से दीपक तिवारी, अजाक्स से अमरदास कुर्रे, सहायक शिक्षक फेडरेशन से ईश्वर चंद्राकर, पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी संघ से चिन्ताराम साहू, समीर चंद्राकर, लघु वेतन कर्मचारी संघ से उमेश साहू, डाइट से संतोष साहू, कमलेश पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में विविध कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि मंडल ने बढ़चढक़र हिस्सा लेते हुये शासन के अडियल रवैये पर आक्रोश व्यक्त किया।
उक्त जानकारी फेडरेशन के प्रवक्ता ईश्वर चंद्राकर ने दी है।