महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,4 मार्च। महासमुंद भाजपा ने कल मशाल रैली निकाल कर कहा कि छत्तीसगढ़ के गरीबों से प्रधानमंत्री आवास का हक छीना जा रहा है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के साथ जनता सवाल कर रही है। भाजपा की मशाल की लपट में जनता के सवाल सुलग रहे हैं कि गरीबों से पीएम आवास का हक क्यों छीना जा रहा? कल मशाल रैली में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर महासमुंद जिला अध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी के अलावा भाजपा के तमाम पदाधिकारी-कार्यकर्ता तथा आवास योजना के वंचित हितग्राही शामिल थे। जिला स्तरीय इस मशाल रैली के बाद एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया।
नपाध्यक्ष से सडक़-नाली की मांग
महासमुंद,4 मार्च। नगर सरकार तुहंर द्वार यात्रा के तीसरे दिन नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग ने सुभाष नगर क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 25 एवं पंचशील वार्ड क्रमांक 26 का भ्रमण किया। इस दौरान नपाध्यक्ष को कही फूलों का गुलदस्ता भेंट किया तो कहीं आरती और कुमकुम लगा कर महिलाओं ने स्वागत किया। इस दौरान अलग अलग नागरिकों ने लोक निर्माण विभाग से जुड़े 30 आवेदन दिए हैं। वार्ड क्रमांक 25 स्थित श्रीराम कॉलोनी के नागरिकों ने नपाध्यक्ष से नई सडक़ और नाली निर्माण की मांग की। इस पर नपाध्यक्ष श्रीमती महिलांग लोक निर्माण विभाग को जल्द ही प्राकलन तैयार करने के निर्देश दिए।