महासमुन्द

नाबालिग बच्ची को जलाने-मारपीट मामले में जय गुरुदेव मानस आश्रम का गुरू हिरासत में, गुरुमाता की तलाश
04-Mar-2023 2:03 PM
नाबालिग बच्ची को जलाने-मारपीट मामले में जय गुरुदेव मानस आश्रम का गुरू हिरासत में, गुरुमाता की तलाश

आरोपी गुरू रमेश ठाकुर बहुत सालों से पत्नी से अलग है

सवाल है कि गुरुमाता कौन हैं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,4 मार्च।
जय गुरुदेव मानस आश्रम पतेरापाली बागबाहरा महासमुंद में नाबालिग बच्ची जागृति सिन्हा को जलाने और उससे मारपीट करने के मामले में चौथे आरोपी आश्रम के गुरू रमेश ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया गया है। रमेश ठाकुर पर आरोप है कि मौके पर वह भी  मौजूद था। चश्मदीदों ने पुलिस को जो बयान दिए हैं उसमें आश्रम की किसी गुरुमाता के भी वहां होने की बात सामने आ रही है। जबकि आरोपी गुरू रमेश ठाकुर कई साल से अपनी पत्नी से अलग जीवन-यापन करता है। ऐसे में पुलिस को गुरुमाता और उसकी भूमिका की तलाश जारी है।

मालूम हो कि जय गुरुदेव मानस आश्रम पतेरापाली बागबाहरा महासमुंद में भोग लगाने के विवाद पर 3 सेवादारों ने जागृति के मुंह में जलती हुई लकड़ी डाल दिए थे। आरोपियों ने लडक़ी के मुंह, गला, जीभ के साथ शरीर के कई हिस्सों को भी जला दिया है। पूरी घटना 24 फरवरी को हुई थी और 28 फरवरी को पीडि़त परिवार ने मामला दर्ज कराया था।

गंभीर रूप से घायल नाबालिग का इलाज आरंग के निजी अस्पताल में चल रहा है। उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव का कहना है कि परिजनों के बयान के आधार पर आरोपियों पर कार्रवाई की जा रही है और आश्रम की जांच भी की जा रही है। बागबहरा थाने में सभी आरोपियों के खिलाफ  कई धाराओं में पुलिस कार्रवाई कर रही है। यह आश्रम अवैध रूप से संचालित था। तीनों आरोपी नरेश पटेल, भोजराम साहू और राकेश दीवान को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था। कल शुक्रवार देर रात रमेश ठाकुर को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

गौरतलब है कि पिछले 4 सालों से संचालित इस आश्रम के संबंध में जिला प्रशासन को भी कोई जानकारी नहीं है। आश्रम के संबंध में बागबाहरा थाना, समाज कल्याण विभाग के पास भी कोई रिकॉर्ड मौजूद नहीं है। लगभग 4 एकड़ भूमि पर संचालित इस आश्रम में किस तरह काम होते रहे हैं, यह भी सवालों के दायरे में है। कलार समाज ने भी आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर प्रशासन को चेतावनी दी है।  

 


अन्य पोस्ट