महासमुन्द

रिपा के तहत महासमुंद जिले के पांचों विकासखण्डों में दो-दो गौठानों का चयन
02-Mar-2023 2:16 PM
रिपा के तहत महासमुंद जिले के पांचों विकासखण्डों में दो-दो गौठानों का चयन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 मार्च।
महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क योजना रिपा के तहत महासमुंद जिले के पांचों विकासखण्ड के दो-दो गौठानों का चयन किया गया है। इनमें महासमुंद विकासखण्ड के बिरकोनी एवं कांपा, बागबाहरा के एमके बाहरा एवं तिलाईदादर, पिथौरा के बगारपाली एवं गोड़बहाल, बसना के नवागांव एवं चिमरकेल तथा सरायपाली के चिरको एवं भुथिया शामिल हैं। इन चयनित गौठानों को रिपा अंतर्गत राशि स्वीकृत की गयी है। जिससे वे आजीविका संबंधित गतिविधियों का संचालन कर सकेंगे।

प्रथम चरण में प्रत्येक विकासखण्ड में दो गौठानों को रूरल इंडस्ट्रियल पार्क के रूप में विकसित किया जा रहा है। राज्य सरकार के बजट में इस योजना के लिए राशि का प्रावधान किया गया है। इससे पहले 2 अक्टूबर 2022 को महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने निवास कार्यालय से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न गौठानों को आजीविका के केन्द्र के रूप में विकसित करने के लिए महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क रिपा का शिलान्यास किया था।

इस तरह ग्रामीण आजीविका पार्क में ग्रामीणों को आजीविका संवर्धन के लिए शासन की ओर से मूलभूत सुविधाएंए आधारभूत संचरना जैसे आंतरिक सडक़, विद्युत, जल एवं नाली व्यवस्था, वर्कशेड, भण्डारण, प्रशिक्षण, मार्केटिंग सपोर्ट, तकनीकी मार्गदर्शन इत्यादि उपलब्ध कराए जायेंगे। इस योजना में इच्छुक स्थानीय युवाओं, स्वसहायता समूहों का चिन्हांकन कर उद्यमियों को बिजनेस प्लान के आधार पर मशीनरी तथा बैंक से ऋण विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत पात्रतानुसार अनुदान, सब्सिडी अथवा शून्य ब्याज दर पर ऋण लेने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
 


अन्य पोस्ट