महासमुन्द
जलस्तर गिरने से खेत प्यासे, नलकूपों के भरोसे रबी फसल लेने वाले किसान मुसीबत में
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 फरवरी। महामसुंद जिले के सरायपाली, बसना अंचल में बड़े पैमाने पर रबी फसल ली जा रही है। हालांकि गिरते जलस्तर और बिजली की आंख मिचौली के चलते रबी फसल का रकबा दिन-ब-दिन घटते जा रहा है। क्षेत्र में सिंचाई की समुचित व्यवस्था न होने के बावजूद किसान निजी नलकूप से धान, गेहूं, चना, मूंग, मूंगफली के साथ-साथ साग-सब्जी की फसल ले रहे हैं। इस बार जिन किसानों ने नलकूपों के भरोसे रबी फसल ली है, वे मुसीबत में फंस गए हैं। कई नलकूपों के हलक सूखने से खेतों की प्यास नहीं बुझ पा रही है। जिन किसानों ने धान की फसल ली हैं, वे एक-एक कर खेतों को छोडऩे लगे हैं।
इस बार जिले में जलस्तर काफी नीचे चले जाने से नलकूपों से पानी निकलना बंद हो रहा है। किसानों का कहना है कि जिस नलकूपों के भरोसे पिछले साल 4-5 एकड़ में धान की फसल ली जा रही थी, उसी नलकूप से डेढ़ दो एकड़ की फसल बचाना मुश्किल हो रहा है। फसल को न तो छोड़ते बन रहा है और न बचाते। धान की फसल में काफी लागत लग चुकी है। आधे समय में खेतों को छोडऩे से आर्थिक नुकसान होने वाला है। ऊपर से विद्युत की आंख मिचौली और लो वोल्टेज की समस्या से किसान तंग आ चुके हैं। मांग के अनुरूप विद्युत आपूर्ति न होने से पंप सही सलामत नहीं चल पा रहे हैं। कई बार ट्रांसफार्मर खराब होने, तार टूटने व मेंटेनेंस के नाम पर विद्युत आपूर्ति बाधित हो रही है।
इस तरह से विद्युत संकट का सीधा असर रबी फसल पर पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि स्थाई विद्युत कनेक्शन नहीं मिल पा रहा है। एक-एक ट्रांसफार्मर से ही कई अवैध कनेक्शन लेकर पंप चलाए जा रहे हैं। जिसके चलते ट्रांसफार्मर पर लोड बढ़ रहा है और ट्रांसफार्मर खराब हो रहे हैं। खराब ट्रांसफार्मर बदलने के लिए किसानों को काफी पापड़ बेलने पड़ रहे हैं।
किसानों को स्थाई कनेक्शन के बदले टीसी कनेक्शन दिया जा रहा है। दूर-दूर तक अस्थाई कनेक्शन लेकर पंप चलाने से उन्हें पर्याप्त वोल्टेज नहीं मिल पा रहा है। वोल्टेज के अभाव में पर्याप्त पानी नहीं निकल रहा है।
मालूम हो कि फसल के लिए बहुत ज्यादा पानी की दरकार होती है। 24 घंटे नलकूपों को चलाना मजबूरी हो जाती है। जैसे-जैसे गर्मी बढ़ती जाती है, पानी की आवश्यकता भी बढ़ती जाती है। लोगों का कहना है कि जिस पानी का उपयोग पीने के लिए होना चाहिए, उस पानी का उपयोग धान की फसल के लिए करना कितना उचित है? इस पर चिंतन करने की आवश्यकता है। पिछली भाजपा सरकार ने रबी सीजन में धान की फसल को हतोत्साहित करने के लिए नलकूप खनन पर प्रतिबंध और धान फसल लेने पर रोक लगाने जैसे आदेश जारी किया था। पर वर्तमान सरकार द्वारा किसानों का कर्जा माफ करने और राजीव गांधी न्याय योजना के तहत बोनस के रूप में अतिरिक्त राशि देने से बड़ी संख्या में नलकूप खनन कर उसका उपयोग धान फसल लेने में कर रहे हैं।
जिले में नलकूपों की संख्या बढऩे से भूमिगत जल का दोहन बड़े पैमाने पर हो रहा है। जलस्तर लगातार घटने से नलकूपों से पानी निकलना बंद हो रहा है। जलस्तर 3.4 फीट नीचे चला गया है। भूमिगत जल का दोहन जिस रफ्तार से सिंचाई के लिए हो रहा है, अगर समय रहते नहीं चेते तो आने वाली गर्मी में पेयजल संकट गंभीर रूप ले सकता है।