महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 फरवरी। जिले की शासकीय आशी बाई गोलछा उच्चतर माध्यमिक शाला की दस छात्राओं को नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग, सभापति व उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार चंद्राकर सहित पालिका कर्मचारियों ने श्रीफल और कलम भेंट कर हौसला अफजाई की। साथ ही छात्राओं के उज्जवल भविष्य की कामनाएं की।
मालूम हो कि आशीबाई गोलछा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की 10 छात्राएं श्रीहरिकोटा से सेटेलाइट एसएलवी डी 2 के प्रक्षेपण के समय मौजूद थीं। इस सेटेलाइट में इनके द्वारा बनाई गई चिप प्लांट है। स्कूल के एटीएल लैब इंचार्ज के मदद से इन छात्राओं ने उस चिप में ताप, दाब आदि की प्रोग्रामिंग कर उस चिप को श्रीहरिकोटा भेजा था। जिसका प्रक्षेपण इसरो ने दस फरवरी को आंध्रप्रदेश के श्रीहरिकोटा में किया, जो सफल रहा। सेटेलाइट के प्रक्षेपण के समय महासमुंद की ये दस छात्राएं भी श्रीहरिकोटा में मौजूद थीं।