महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 18 फरवरी। महासमुंद अंचल में महाशिवरात्रि का पर्व आज सुबह से बड़े ही धूमधाम से मनाया जा रहा है। शिवालयों-मंदिरों में हर हर महादेव तथा बम भोले के नारे गूंज रहे हैं। मंदिरों में शिवजी के भक्तों की कतारें हैं। आज सुबह से ही छोट-बड़े शिवालयों में बड़ी संख्या में महादेव के भक्त दर्शन पूजन के लिए उमड़े हुए हैं। महासमुंद से बागबाहरा सडक़ मार्ग किनारे शिवजी की एक मूर्ति है जो पृथ्वी पर खड़ी है। इसे देखने तथा इसकी पूजा अर्चना के लिए राहगीर भी बड़ी तादात में रुक रहे हैं।
महासमुंद जिला मुख्यालय स्थित महामाया, दलदली, बम्हनी, के अलावा सिरपुर, खल्लारी और चंडी मंदिर स्थित शिव मंदिरों में श्रध्दालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी है। महासमुंद जिले में बाहरा ब्लाक अंतर्गत ग्राम कसेकेरा के समीप महादेवा भगवान शिव का मंदिर है। क्षेत्र में यह मंदिर महादेवा के नाम से प्रचलित है। महाशिवरात्रि पर्व पर सुबह से ही महादेवा मंदिर में भक्तों का तांता लगा हुआ है। हजारों की संख्या में श्रद्धालु भक्तों की भीड़ जल अभिषेक कर रही है।
स्वयंभू महादेवा के नाम से विख्यात इस मंदिर के संबध में एक पुरानी कहानी प्रचलित है। राजाओ ने शिवलिंग को अपनी राजधानी में ले जाने का प्रयास किया। किन्तु यह शिवलिंग अपने स्थान पर ही रहा। सुअरमालगढ़ का राजपरिवार प्राचीन समय से इसी मंदिर में पूजा अर्चना करते आ रहे हैं। इस महाशिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालु शिव भजनों के साथ राधा कृष्ण मंदिर कोमाखान से बारात लेकर महादेवा पहुंचे हैं।