महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा, 15 फरवरी। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष महिला मोर्चा एवं जिला पंचायत सदस्य अलका चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस को हाथ से हाथ जोडक़र अभियान के साथ-साथ हाथ जोडक़र माफी मांगो अभियान भी चलाना चाहिए।
अलका ने जुनवानी में मोर आवास और अधिकार कार्यक्रम में आगे कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश की जनता के साथ धोखा किया है, इसलिए कांग्रेस को छत्तीसगढ़ प्रदेश में गांव-गांव घूमकर जनता से माफी मांगना चाहिए। कांग्रेस ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में से कोई भी घोषणा अब तक पूरा नहीं किया है। इसके साथ ही विकास की दृष्टि से प्रदेश की जनता को 10 वर्ष पीछे छोड़ दिया है। प्रदेश की जनता ने कांग्रेस के लोकलुभावन घोषणा पत्र में विश्वास करके वोट दिया था लेकिन भूपेश बघेल की सरकार ने 4 वर्षों में जनता के साथ धोखा किया है।
आगे कहा कि भूपेश बघेल एवं पूरे कांग्रेस पार्टी ने गंगाजल हाथ में लेकर कसम खाकर के विभिन्न घोषणाएं किए थे जिसमें शराबबंदी बेरोजगार युवाओं को रोजगार या बेरोजगारी भत्ता पंद्रह सौ, वृद्धा पेंशन 1000, विधवा पेंशन, महिला स्व सहायता समूह का कर्जा माफ बिजली बिल हाफ करने की बात कही थी, लेकिन बिजली हाफ कर दिया गया। ऐसी तमाम घोषणाओं से कांग्रेसी सरकार अब मुकर कर पीछे हट रही है। और साफ तौर पर झूठ बोल रही है कि हमने ऐसी कोई घोषणा नहीं की है।
कांग्रेसी सरकार ने प्रदेश की गरीब जनता को आवास से भी वंचित किया है। केंद्र सरकार के द्वारा आवास की राशि आवंटित की गई थी, लेकिन प्रदेश सरकार ने आवास में अपने हिस्से की 40 फीसदी राशि नहीं देकर गरीबों को अपने आवास जैसे महत्वपूर्ण सपनों से वंचित किया है।
प्रदेश में एक और विकास कार्य पूरी तरह ठप है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश के मुखिया भूपेश बघेल इस प्रदेश में विकास देखने के लिए निकले हुए हैं, जिसे भेंट मुलाकात कार्यक्रम का नाम दिया गया है, यह कार्यक्रम भेंट मुलाकात न होकर पूरी तरीके से सेट मुलाकात कार्यक्रम है जिसमें पहले से सब सेट रहता है और इस कार्यक्रम में आम जनता को कुछ बोलने का मौका नहीं दिया जाता। अभी 26 जनवरी के मौके पर अगले वित्त वर्ष से बेरोजगार युवाओं को 2500 बेरोजगारी भत्ता देने की बात कह रहे हैं, लेकिन छत्तीसगढ़ के युवा अब भूपेश बघेल के इस मायावी जाल में फंसने वाले नहीं हैं। युवाओं की मांग है कि पहले 52 महीने का बेरोजगारी भत्ता दें, उसके बाद हमें अगले वित्तीय वर्ष से बेरोजगारी भत्ता दिया जाए।
इस अवसर पर नरेश चंद्राकर संजय मालवे राधेश्याम साहू सरपंच मनु चंद्राकर हीरा साहू लोकेश पनूरिया सहित ग्रामवासी उपस्थित थे।